घर में घुसे चोर को मुलायम गद्दे पर लेटते ही आई नींद, फिर कुछ ऐसा हुआ कि देखने वालों की छूट गई हंसी
कानपुर में बर्रा के जरौली में अजीब -ओ-गरीब वाक्या हर जुबां पर चर्चा बन गया है। दरअसल, रविवार की रात एक मकान में चोरी करने के इरादे से घुसा चोर मुलायम गद्दा देखकर जैसे ही लेटा तो उसे नींद आ गई। सुबह जब मकान मालिक की सूचना पर आई पुलिस ने जगाया तो उसके होश उड़ गए। उसकी हालत और चेहरा देखकर उस समय मकान मालिक समेत पुलिस और लोगों की हंसी छूट गई। इस चोर की हरकत पर लोग ठहाके मारकर हंसते रहे। हालांकि मकान से नकदी और जेवर गायब देखकर पुलिस की पूछताछ में उसने दो साथियों के भी नाम बताए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
कुछ इस तरह हुई घटना
बर्रा के जरौली गांव में जरौली गांव निवासी पवन गुप्ता विभिन्न उत्पादों की एजेंसी का संचालन करते हैं और नया घर बनवाया है। उनके घर के आसपास कोई और मकान नहीं बना है। सोमवार की सुबह पवन को गेट खुला मिला तो उन्हें चोरी की शंका हुई। इसपर उन्होंने कमरों में जाकर सामान देखना शुरू किया। इस बीच पिछले कमरे में पहुंचे तो देखा कि अलमारी खुली पड़ी है और बेड पर एक युवक सोते हुए खर्राटे ले रहा है। इसपर वह चुपचाप कमरे से बाहर आ गए और कुंडी लगा दी फिर उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचना दी। चोरी की जानकारी पर घर के बाहर लोग एकत्र हो गए।
साहब, कब नींद आ गई पता ही नहीं चला…
कुछ देर में बर्रा पुलिस आ गई और मकान मालिक ने पूरी बात बताई। मौके पर मौजूद लोगों और पवन के साथ पुलिस ने दरवाजा खोला तो अंदर बेड पर युवक सोता मिला। पुलिस कर्मी पास गया और हिलाकर जगाने का प्रयास किया। पहले तो वह नींद में ना-नुकुर करता रहा लेकिन फिर अचानक उठकर बैठ गया और सामने पुलिस को देखकर सन्न रह गया। उसकी हालत और चेहरा देखकर कमरे मौजूद पुलिस कर्मियों समेत लोगाें की हंसी छूट गई। लेकिन युवक एकदम सन्नाटे में एकटक बैठा रहा। इसके बाद उसने पुलिस को बताया कि उसका नाम दीपक है और वह रात में दो साथियों ईशू और पवन के साथ घर में चोरी करने के लिए घुसा था। साथी अलमारी खोलने लगे तो वह बेड के गद्दे पर लेट गया, इस बीच उसे कब नींद आ गई पता ही नहीं चला।
नकदी और जेवर ले उड़े साथी
मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि अलमारी से मंगलसूत्र, झुमकी, दो जोड़ी पायल, दो लाख रुपये गायब हैं। इसपर पकड़े गए युवक ने बताया कि चोरी का सारा माल उसके साथी ईशू और पवन ले गए हैं। उसने यह भी कहा कि उसके साथियों ने उसे जगाया नहीं और अब वह फंस गया है। बर्रा थाना प्रभारी बर्रा अजय सेठ ने बताया कि मकान मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके से पकड़ा गया दीपक चोरी के इरादे से मकान में घुसा था, उससे मिली जानकारी के बाद चोरी का माल लेकर फरार उसके दोनों साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
