—
ग्वालटोली थाना क्षेत्र के आनंदेश्वर मंदिर घाट पर लापरवाही जारी, दो चौकी इंचार्ज तैनात होने के बावजूद नहीं हो रही निगरानी
कानपुर। ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित ऐतिहासिक आनंदेश्वर मंदिर घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। घाट पर दो-दो चौकी इंचार्जों की तैनाती के बावजूद सुरक्षा प्रबंध नाकाफी हैं।
कुछ दिन पूर्व ही एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी, जिसके बाद यह उम्मीद की जा रही थी कि पुलिस प्रशासन और नगर निगम मिलकर घाट पर नहाने वालों की निगरानी बढ़ाएंगे और सुरक्षा उपाय अपनाएंगे। लेकिन हकीकत इससे उलट है — आज भी घाट पर बड़ी संख्या में युवक और बच्चे नहाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि वहां कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नजर नहीं आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर कोई चेतावनी बोर्ड, रस्सी या गोताखोर जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं नहीं हैं। इससे पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, मगर प्रशासन की नींद नहीं टूटी है।
आनंदेश्वर मंदिर, जहां रोज़ाना हजारों श्रद्धालु आते हैं, वहां इस तरह की लापरवाही चिंता का विषय है। लोग मांग कर रहे हैं कि घाट पर स्थाई सुरक्षा व्यवस्था की जाए और नहाने पर रोक लगे या निगरानी कड़ी की जाए, ताकि भविष्य में कोई और जान न जाए।
