रूरा के बजरंग नगर में रखे ट्रांसफार्मर के केबल में रविवार रात आग लग गई। इससे दो मोहल्लों के तीन सौ घरों की बिजली 12 घंटे गुल रही। फाल्ट से ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। सोमवार सुबह ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
बजरंग नगर में 250 केवी का ट्रांसफार्मर रखा है। इससे बजरंग नगर व रेलवे कॉलोनी में बिजली आपूर्ति होती है। रविवार रात 11 बजे ट्रांसफार्मर के केबल में आग लग गई। लपटें उठने पर आसपास के लोगों ने उपकेंद्र में सूचना दी। बिजली आपूर्ति बंद कर कुछ ही देर में पहुंचे विद्युत कर्मियों ने मिट्टी डालकर आग बुझाई। फाल्ट से ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। इससे पूरी रात बिजली गुल रही। लोग गर्मी से बेहाल रहे।
सुबह जलापूर्ति की किल्लत का भी सामना करना पड़ा। विद्युत कर्मियों ने ट्राली ट्रांसफार्मर लगाकर दोनों मोहल्लों की बिजली आपूर्ति सोमवार को सुबह 11 बजे बहाल की। इसके बाद केबल बदली गई। जेई संतोष भारती ने बताया कि ट्राली ट्रांसफार्मर से आपूर्ति चालू करा दी गई है। नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने पर रखा जाएगा।
