कानपुर

 

काशीराम अस्पताल में जलभराव बना मरीजों के लिए मुसीबत, ठेले पर लादकर लाए जा रहे मरीज

 

सीएमओ कार्यालय भी यहीं, लेकिन अफसरों को नहीं दिखती परेशानी

 

कानपुर बरसात आते ही काशीराम चिकित्सालय एक बार फिर से जलभराव की चपेट में आ गया है। अस्पताल परिसर में घुटनों तक भरे गंदे पानी ने मरीजों और तीमारदारों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। आलम यह है कि मरीजों को ठेले पर लादकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। यह वही अस्पताल है जहां कानपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) का कार्यालय भी स्थित है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की आंखें मूंदे हुए हैं।

 

अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजन पानी में जूझते हुए इलाज कराने पहुंचते हैं और साथ में बीमारियों का खतरा लेकर वापस लौटते हैं। चारों ओर गंदगी, बजबजाती नालियां और बदबू भरा माहौल देख कर मरीजों का हाल बेहाल है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी हर साल की तरह इस बार भी मौन हैं।

स्थानीय लोगों और तीमारदारों ने कैमरे के सामने सीएमओ से अपील करते हुए कहा कि “इलाज तो किसी तरह हो ही जाएगा लेकिन कम से कम अपने कार्यालय परिसर को जलभराव से मुक्त करवा दीजिए।” उनका कहना है कि हर साल बरसात में यही हाल होता है, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी ने इस समस्या पर स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

 

वहीं, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब अधिकारी अपनी ही चौखट पर भरे पानी को नहीं देख पा रहे, तो शहर की समस्याएं कैसे नजर आएंगी। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर लगातार जलभराव की स्थिति संक्रमण और गंभीर बीमारियों को न्योता दे रही है, जो आने वाले समय में एक बड़े स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है।

 

अब देखना यह होगा कि मरीजों और तीमारदारों की इस पुकार पर सीएमओ और नगर निगम प्रशासन जागता है या फिर एक और बरसात यूं ही शिकायतों की बारिश में बह जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *