कम हो सकेगी बड़े उद्यमियों की बिजली लागत : अमित
Wed, 08 Sep 2021
कम हो सकेगी बड़े उद्यमियों की बिजली लागत : अमितकम हो सकेगी बड़े उद्यमियों की बिजली लागत : अमित
– मर्चेंट चैबर में अल्टिलियम एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक बोले
– 1150 केवीए या उससे ज्यादा स्वीकृत लोड वालों को होगा लाभ जागरण संवाददाता, कानपुर : जिन बड़े कामर्शियल व औद्योगिक उपभोक्ताओं का 1,150 केवीए से अधिक लोड स्वीकृत है, उनकी बिजली की लागत कम हो सकती है। यह बात मंगलवार को अल्टिलियम एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित कुमार ने कही। वह मर्चेंट चैंबर सभागार में मर्चेंट चैंबर आफ उत्तर प्रदेश और अल्टिलियम एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए बिजली की लागत कम करने पर चर्चा की गई।
अमित कुमार ने बताया कि उनकी कंपनी विद्युत उत्पादन और बड़े उपभोक्ताओं के बीच सेतु का काम करती है। इसके लिए कुछ अलग नहीं करना होगा। बस कागजी कार्यवाही होंगी और फैक्ट्री या कारोबारी स्थल पर एक मीटर लगाया जाएगा। इससे उन्हें अपनी बिजली की लागत में 50 पैसे से दो रुपये तक की बचत होगी। यह इस पर निर्भर करता है कि उपभोक्ता किस तरह की योजना के लिए पात्र है और वह कौन सी योजना चुनता है। उन्होंने बताया कि कंपनी अनुबंध करने वाले उपभोक्ताओं को पारंपरिक व गैर पारंपरिक दोनों तरह की बिजली उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही हरित ऊर्जा को भी कंपनी बढ़ावा देती है। इस मौके पर मर्चेंट चैंबर के अध्यक्ष मुकुल टंडन ने कहा कि इस तरह से सभी उद्यमी अपनी विद्युत की खपत को काफी कम कर सकते हैं।
कंपनी के निदेशक अजीत कुमार ठाकुर, बिजनेस डेवलपमेंट हेड विकास कुमार, उप प्रबंधक बिजनेस डेवलपमेंट ट्विंकल मंगलानी ने उद्यमियों के प्रश्नों के जवाब दिए। इस मौके पर मर्चेंट चैंबर के उपाध्यक्ष अतुल कनोडिया, श्याम मेहरोत्रा, संजीव लोहिया, जमाल नसीर, आनंद पाठक, संजय बाजपेई, विनय पटेल, महेंद्र मोदी रहे।
