#कानपुर नगर
*छत मरम्मत से रोका, जान से मारने की धमकी—सलोनी गुप्ता ने पड़ोसियों के खिलाफ जिलाधिकारी से लगाई मदद की गुहार*
कानपुर, सुतरखाना निवासी सलोनी गुप्ता ने अपने पड़ोसियों की दबंगई और धमकियों से परेशान होकर जिलाधिकारी कानपुर को शिकायती पत्र सौंपा है। सलोनी ने आरोप लगाया है कि उनके घर की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत करने से पड़ोसी रीना जायसवाल और रुचि जायसवाल जबरन रोक रही हैं।
सलोनी के अनुसार, अगस्त 2024 में उनके घर की छत गिर गई थी। तब से वह कई बार छत की मरम्मत का प्रयास कर चुकी हैं, लेकिन हर बार उनके पड़ोसी झगड़ा फसाद कर निर्माण कार्य रुकवा देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पहले जब उन्होंने मजदूरों और मिस्त्री को बुलाकर धन्नी व तिरपाल डालने का प्रयास किया तो रीना और रुचि ने झगड़ा कर मिस्त्री और लेबर को भगा दिया। इतना ही नहीं, रीना जायसवाल ने सलोनी को यह धमकी भी दी कि यदि उसने छत बनवाने की कोशिश की या पुलिस के पास गई तो 72 घंटों में घर खाली करवा दिया जाएगा और पूरे परिवार को बाहर फिंकवा दिया जाएगा।
सलोनी गुप्ता का कहना है कि उन्होंने कई बार कलेक्टरगंज पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने जिलाधिकारी से न्याय की उम्मीद जताई है और परिवार की सुरक्षा तथा छत मरम्मत के लिए सहयोग की मांग की है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासनिक निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं। पीड़िता को अब जिलाधिकारी की पहल का इंतजार है।
