कानपुर; दिनांक- 18.07.2025
*कानपुर मेट्रो सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के साथ-साथ कर रहा अत्याधुनिक ईकोसिस्टम का भी विकास*
*आरामदायक सफर के साथ कानपुर मेट्रो के स्टेशनों पर हो रहा खान-पान की सुविधाओं का विस्तार, नए स्टेशनों पर कमर्शल स्पेस के लिए जारी हुआ टेंडर*
कानपुर मेट्रो की हमेशा से कोशिश रही है कि मेट्रो यात्रियों के सफर को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के साथ-साथ आनंदमय भी बनाया जाए। इसी कड़ी में कानपुर मेट्रो ने अपने सभी मेट्रो स्टेशनों पर प्रॉपर्टी डिवेलपमेंट की भी व्यवस्था सुनिश्चित की है। वर्तमान में कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 में आईआईटी से मोतीझील तक कुल 16 आउटलेट्स खोले गए हैं, जिनमें खान-पान के अलावा इलेक्ट्रॉनिक और मेडिसिन से जुड़े आउटलेट्स भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, अब आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक विभिन्न स्टेशनों पर कमर्शल स्पेस और कियॉस्क लगाने के लिए निविदा की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
*मेट्रो स्टेशनों पर खान-पान और शॉपिंग की सुविधा*
यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्रम में, 5 नए मेट्रो स्टेशनों समेत सभी 14 स्टेशनों पर कई प्रतिष्ठित व्यावसायिक इकाइयों के आउटलेट्स खोलने की दिशा में यूपीएमआरसी प्रयासरत है और इसके लिए निविदा की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यूपीएमआरसी के वेबसाइट upmetrorail.com से स्टेशनों पर शॉप/आउटलेट्स खोलने के लिए इच्छुक लोग/संस्थाएँ विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक 14 स्टेशनों पर ग्राउंड, कॉनकोर्स और प्लैटफॉर्म को मिलाकर कुल 56 दुकानें उपलब्ध हैं, जिनके लिए निविदा प्रक्रिया के जरिए 29 जुलाई से 7 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं। कमर्शल स्पेस पर आउटलेट खुल जाने से यात्रियों के लिए दोस्तों व परिवारजनों के संग मेट्रो यात्रा का आनंद और भी बढ़ जाएगा। इसके अलावा प्रॉयोरिटी कॉरिडोर के 8 स्टेशनों; आईआईटी, कल्यानपुर, एसपीएम, विश्वविद्यालय, गुरूदेव चौराहा, गीता नगर, एलएलआर हॉस्पिटल और मोती झील, पर कियॉस्क लगाने के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। ऐसे स्पेस की कुल संख्या 36 है और इनके लिए आवेदन करने की तिथि 5 अगस्त से 18 अगस्त तक है।
*स्टेशनों पर अस्थायी स्टॉल की भी है सुविधा*
कानपुर मेट्रो के स्टेशनों पर बुक फेयर, एनजीओ व सेल्फ हेल्प ग्रुप और व्यावसायिक अस्थायी स्टॉल लगाने की सुविधा भी उपलब्ध है। एनजीओ व सेल्फ हेल्प ग्रुप के लिए मात्र ₹500 रूपए प्रतिदिन और व्यावसायिक स्टॉल के लिए मात्र ₹1250 रूपए प्लस जीएसटी प्रतिदिन की दर पर स्टॉल लगाने की सुविधा है। बुक फेयर के लिए मात्र ₹700 (200 वर्ग फीट), ₹900 (300 वर्ग फीट) और ₹1100 (400 वर्ग फीट) प्रतिदिन के दर पर स्टॉल लगाने की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
