भाजपा मंडलों में 10 अगस्त से प्रारंभ होंगी तिरंगा यात्राएं — ऑपरेशन सिंदूर की झलक के साथ होगा भारतीय शौर्य का प्रदर्शन
कानपुर ९ अगस्त । भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में 10 अगस्त से 12 अगस्त तक क्षेत्र के सभी 254 मंडलों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन करेगी। इन यात्राओं में भारत की सैन्य शक्ति और स्वदेशी हथियार निर्माण की उपलब्धियों की झलक विशेष रूप से प्रदर्शित की जाएगी।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने एक प्रेस बयान में बताया कि इन तिरंगा यात्राओं में “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रेरणादायक झलक भी देखने को मिलेगी, जो भारतीय सेना के साहस और पराक्रम का प्रतीक है। यात्राओं में देश में निर्मित अत्याधुनिक हथियारों — तेजस लड़ाकू विमान, आकाश मिसाइल, ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल सहित विभिन्न स्वदेशी रक्षा उपकरणों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और गौरव का उत्सव है। इसमें भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा के कार्यकर्ता, अन्य संगठन तथा बड़ी संख्या में आमजन उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
यात्राएं 10 अगस्त से प्रारंभ होकर 12 अगस्त तक पूरे कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी मंडलों में संपन्न होंगी। प्रत्येक मंडल में यह यात्रा तिरंगे झंडों, देशभक्ति नारों और सांस्कृतिक झांकियों के साथ निकाली जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का माहौल निर्मित होगा।
भाजपा का यह संकल्प है कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व इन तिरंगा यात्राओं के माध्यम से हर नागरिक में देश के प्रति गर्व और कर्तव्य भावना को और अधिक प्रबल किया जाए।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि इन सभी तिरंगा यात्राओं में भाजपा के प्रदेश एवं क्षेत्र स्तरीय नेताओं सहित सभी जनप्रतिनिधि अपने अपने आवंटित मंडलों में होंगे शामिल ।
