आज दिनांक 27.08.2025 को नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में महापौर श्रीमती प्रमिला पाण्डेय, विधायक सुरेन्द्र मैथानी एवं नगर आयुक्त की अध्यक्षता 15 वें वित्त आयोग द्वारा नहरो के सुन्दरीकरण हेतु दी जा रही धनराशि हेतु सिंचाई विभाग के साथ बैठक की गयी।
बैठक पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन संरक्षक अमित पाण्डेय ने कहा कि शहर के सीटीआई, हलवाखाड़ा होते हुए जाने वाली नहर महाराजपुर की तरफ भी जाती है, जिससे किसान सिंचाई करते है। उसमें शहर का कूड़ा फेंका जा रहा है, नहरो के ऊपर कूड़ा फैला रहता है। नहरो को सिर्फ पक्का नहीं करना है, बल्कि नहरो को रिवर फ्रंट की तरह सुन्दरीकरण भी करना है, ताकि लोग उसमें टहल सके।
विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने कहा कि नहर कच्ची है एवं सीटीआई हलुआखाड़ा होते हुए नहर महाराजपुर, घाटमपुर, जहानाबाद की तरफ जाती है। यदि नहर में फुल फ्लो से पानी नहीं होता है, तो किसानो को सिंचाई में परेशानी होती है एवं छठ पूजा में भी परेशानी होती है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा छठ पूजा में सैकड़ो ट्रक कूड़ा नहरोे की सफाई के बाद उठाया जाता है, ताकि छठ पूजा में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, कूड़ा, सफाई नगर निगम का काम है, किन्तु शहर से गुजरने वाली नहर के दोनो ओर अतिक्रमण है, सिंचाई विभाग अतिक्रमण हटाये और सफाई कार्य हेतु नगर निगम को धन उपलब्ध कराये। नहरो के किनारे अवैध रूप से आवास बना कर रहे लोगों द्वारा घरेलु जल-मल नहरो में बहाया जा रहा है।
अधिशाषी अभियन्ता मनोज कुमार सिंह ने कहा सिंचाई विभाग को सफाई हेतु वर्ष में एक बार ही धन मिलता है।
सिंचाई विभाग के मुख्य अभियन्ता ने आर0 के0 जैन ने मा0 महापौर के निर्देश के क्रम में कहा कि इस बार हेड से टेल तक पूरी सफाई करा दी जायेगी।
विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क से नहर पटरी तक पूरा अतिक्रमण हटाये। सड़क से नहर पटरी तक कोई अतिक्रमण भी नहीं है, लोग एक-दूसरे को देखकर कमरे इत्यादि बना रहे है। साथ ही पहले हलुआखाड़ा से सीटीआई तक के सौन्दर्यीकरण में खर्च होने वाली धनराशि का प्रोजेक्ट बना कर दे, शेष राशि का उसके आगे का प्रोजेक्ट तैयार करे।
महापौर ने कहा कि 15 वें वित्त आयोग की धनराशि से कार्य होने के पूर्व सिंचाई विभाग द्वारा पहले अतिक्रमण हटाया जायेगा, इसमें नगर निगम का सहयोग भी प्रदान किया जायेगा, सिंचाई विभाग द्वारा हेड से टेल तक सफाई के उपरान्त सिल्ट भी साफ कराये, ताकि सिल्ट दोबारा नहर में न पहुंच जाये।
नगर आयुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया कि अभी 15 वें वित्त आयेाग से 07 करोड़ की धनराशि दी जा रही है, अभी इसमें आगे 03 करोड़ की धनराशि और दी जायेगी। सिंचाई विभाग द्वारा कराये जाने वाले 07 करोड़ के कार्यो की गुणवत्ता की निगरानीे मुख्य अभियन्ता ‘सिविल’ सैय्यद फरीद अख्तर जैदी द्वारा की जायेगी।
मुख्य अभियन्ता ‘सिविल’ सैय्यद फरीद अख्तर जैदी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि नहरो के सुन्दरीकरण का प्रोजेक्ट प्रस्तुत करे, ताकि 15 वें वित्त आयोग की धनराशि जल्द ट्रांसफर करने की जा सके।
बैठक में पार्षद नीरज गुप्ता, सौरभ देव, नीरज सिंह, आकर्ष वाजपेई, अधिशाषी अभियन्ता, जोन-3, राजेश कुमार, जोन-5 कमलेश पटेल, जोन-6 आर0के0 सिंह, अधीक्षण अभियन्ता सिंचाई विभाग के0 पी0 पाण्डेय, सहायक अभियन्ता सिंचाई विभाग विनोद कुमार इत्यादि भी उपस्थित रहे।
