कानपुर
चौकी इंचार्ज पर व्यापारी से 5.70 लाख की लूट का मुकदमा दर्ज, पुलिस आयुक्त ने किया ससपेंड
कानपुर में पुलिस महकमे की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के जागेश्वर मंदिर चौकी इंचार्ज नितिन पुनिया को जालौन के व्यापारी से 5.70 लाख रुपए लूटने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। व्यापारी की शिकायत पर आरोपी दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मंगलवार को जालौन निवासी व्यापारी आसिफ शेख काम से कानपुर आए थे। चुन्नीगंज के पास चौकी इंचार्ज ने उन्हें पकड़ लिया और अधिकारियों को बिना सूचना दिए चौकी ले जाकर जुआरी बताकर रुपए लूट लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीपी कर्नलगंज से की, जिसके बाद मामला डीसीपी सेंट्रल और पुलिस कमिश्नर तक पहुंचा। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी दरोगा को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया। सयुंक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर पर आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है
