खुशखबरी:. ग्रीन पार्क में पहली बार दूधिया रोशनी में खेले जायेंगे एकदिवसीय मुकाबले
कानपुर। देश के सबसे पुराने पांच क्रिकेट स्टेडियम में एक ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम के 73 वर्षों के इतिहास में अगले महीने एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। 30 सितम्बर से भारत-ए और आस्ट्रेलिया-ए के मध्य यहां होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के सभी मुकाबले दिन-रात्रि प्रारूप में खेले जायेंगे। यह पहला मौका होगा जब ग्रीन पार्क में कोई भी वनडे मैच दूधिया रोशनी में खेला जायेगा। ग्रीन पार्क में आठ साल बाद वनडे मैच होने जा रहे हैं।15 वनडे मैचों की मेजबानी कर चुके ग्रीन पार्क में आखिरी मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच 29 अक्टूबर 2017 में खेला गया था। वर्ष 1952 से लेकर अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी विशेष पहचान बनाए ग्रीन पार्क स्टेडियम में विश्व के लगभग सभी दिग्गज खिलाड़ियों ने जमकर सुर्खियां बटोरी।
