ग्रीन पार्क स्टेडियम में 8 साल बाद खेला जाएगा वनडे मैच

 

 

कानपुर में गंगा किनारे स्थापित ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आठ साल बाद फिर से क्रिकेट फैंस क्रिकेट का मजा ले सकेंगे. क्योंकि 30 सितंबर से लेकर पांच अक्टूबर तक इस ग्राउंड पर तीन वनडे मैच होने जा रहे हैं. ग्रीन पार्क स्टेडियम में आखिरी वनडे मैच 29 अक्टूबर 2017 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था.

30 सितंबर से इस ग्राउंड पर भारत ‘ए’ व आस्ट्रेलिया ‘ए’ टीमों के बीच दोनों मैच खेले जाने हैं. इसे देखते हुए अब उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है. ग्रीनपार्क के पिच क्यूरेटर शिव कुमार ने पिच व आउटफील्ड तैयार करने की दिशा में कवायद भी शुरू कर दी है.वहीं, 15 सितंबर के बाद से यूपीसीए के पदाधिकारियों का स्टेडियम में आना-जाना शुरू हो जाएगा. पिछले मैचों के दौरान स्टेडियम में जहां ड्रेनेज सिस्टम व फ्लड लाइट को लेकर जो कमियां सामने आई थीं, उन्हें भी दूर कराया जा रहा है.यूपीसीए के वरिष्ठ पदाधिकारियों का दावा है, 30 सितंबर से पहले स्टेडियम पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा. जिसमें अच्छी संख्या में क्रिकेट प्रेमी व दर्शक आकर वनडे मैचों का लुत्फ उठा सकेंगे. पदाधिकारियों ने कहा कि आठ सालों बाद ग्रीन पार्क स्टेडियम में वनडे मैच खेले जाएंगे.अभी तक के कार्यक्रम के मुताबिक जो तीन वनडे मैच खेले जाएंगे, उन्हें दोपहर से लेकर रात तक कराने (डे-नाइट) की योजना बनी है. ऐसे में 50 ओवरों वाले इन मैचों में जहां दोपहर में पहली गेंद फेंकी जाएगी. वहीं, शाम को दर्शक दूधिया रोशनी के बीच दूसरी पारी देख सकेंगे. यूपीसीए के पदाधिकारियों का कहना था, काफी कुछ मौसम पर निर्भर है. हालांकि, सितंबर से बारिश खत्म हो जाएगी तो मैच में किसी बाधा के आसार नहीं रहेंगे. खुशनुमा मौसम में खिलाड़ी खेल सकेंगे.

यूपीसीए के सचिव अरविंद श्रीवास्तव का कहना है कि इंडिया ए व ऑस्ट्रेलिया मैचों के लिए ग्रीन पार्क में तैयारियां शुरू करा दी गई हैं. यूपीसीए की ओर से नोडल अधिकारी नामित कर दिए गए हैं. स्टेडियम में अच्छी संख्या में दर्शक व क्रिकेट प्रेमी आएंगे. सभी मैचों का लुत्फ उठा सकेंगे.उन्होंने आगे कहा कि पिछले मैचों के दौरान ग्रीन पार्क स्टेडियम में जिस तरह की कमियां सामने आई थीं, उन्हें ठीक करा दिया गया है. ड्रेनेज सिस्टम और फ्लड लाइट की बाधाएं भी दूर कर दी गई हैं. सितंबर अंत और अक्टूबर के पहले हफ्ते में जब मैच होंगे तो बारिश की संभावना कम है. इसलिए हमें लगता है, खुशनुमा मौसम में क्रिकेट प्रेमी वनडे मैचों को देख सकेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *