कन्नौज में बेरहम पति ने दोस्तों के साथ पत्नी को सरेराह पीटा

कन्नौज में बेरहम पति ने दोस्तों के साथ पत्नी को सरेराह पीटा, महिला कांस्टेबल ने दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप

कन्नाैज की सदर कोतवाली के ग्राम सलेमपुर ताराबांगर निवासी प्रियंका दुबे पुत्री सुरेशचंद्र दुबे ने बताया कि वह जनपद लखीमपुर खीरी की कोतवाली मैगलगंज में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। छह सितंबर को जब वह लखीमपुर खीरी से घर आ रही थी, तभी कन्नौज निगम मंडी के सामने बाइक सवार उसके पति समेत तीन लोगों ने उसे रोक लिया और हेलमेट लेकर बेरहमी से पीट दिया। इसके बाद पति ने जमीन पर गिराकर उसका गला दबा दिया। हमलावार हाथ में तमंचा भी लिए थे, उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। जब वहां लोगों की भीड़ लग गई तो तीनों बाइक पर बैठकर भाग गए।

तीन साल पहले हुई थी शादी: पीड़ित महिला कांस्टेबल प्रियंका ने बताया कि उसकी शादी चार जुलाई 2018 को छिबरामऊ निवासी युवक के साथ हुई थी। पिता ने शादी में करीब दस लाख रुपये खर्च किए थे। ससुरालवाले पांच लाख रुपये व एक कार की मांग कर उसे प्रताडि़त करने लगे थे। विदाई के वक्त इन लोगों ने सभी आभूषण छीन लिए थे। पीडि़ता ने एसपी प्रशांत वर्मा से शिकायत की है, जिस पर उन्होंने सदर कोतवाल को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए है।

न्याय न मिला तो कर लूंगी आत्मदाह: महिला कांस्टेबल प्रियंका दुबे ने बताया कि एसपी के आदेश के बाद भी पुलिस राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही है। केवल उसकी चोटों का परीक्षण कराया गया है। इस बारे में वह दो बार प्रभारी निरीक्षक से बात कर चुकी हैं। चार दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा नहीं लिखा गया, जबकि घटना को कई लोगों ने देखा था। यदि उसे न्याय न मिला तो वह एसपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह कर लेगी।

इनका ये है कहना:

तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पहले दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही थी, इस वजह से मुकदमा नहीं लिखा गया था। – विकास राय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *