उन्नाव में पत्नी के छोड़ जाने से आहत युवक ने दी जान

उन्नाव में पत्नी के छोड़ जाने से आहत युवक ने दी जान, मां ने खुदकुशी के लिए उकसाने का लगाया आरोप।

जाजामऊ गैर अहतमाली में पत्नी के छोड़ कर चले जाने और गांव वालों के तानों से आजिज आकर एक युवक ने जान दे दी। युवक का शव शुक्रवार सुबह घर के बरामदे में छत की धन्नी के सहारे रस्सी से फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले ही युवक की पत्नी उसे छोड़ कर कहीं चली गई। जिसपर उसे गांव के ही दो लोगों पर भगा ले जाने का संदेह था। इधर गांव में इस बात के पोस्टर लगा दिये गये थे। इसी सब से आहत होकर उसने जान दे दी। मृतक की मां ने गांव के दो युवकों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है, इस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

थाना क्षेत्र के गांव जाजामु गैर अहतमाली निवासी 32 वर्षीय बलवीर पुत्र हीरालाल का शव शुक्रवार सुबह घर के बरामदे में रस्सी से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर पिता ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर मृतक की मां प्रेमंत ने गांव के बाबू व मुन्ना पर बहू को भगवाने और ताने देकर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर ग्रामीणों ने बताया कि बलवीर की पत्नी कुछ दिन पहले उसे छोड़ कर कहीं चली गई थी। इसपर बलवीर ने उसकी कई जगह तलाश की और जब उसका कुछ पता नहीं लगा तो बलवीर ने एक सितंबर को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दूसरी तरफ गांव के ही कुछ अराजक तत्वों ने गांव में पोस्टर चिपकाए जिनपर लिखा था कि उसकी पत्नी को गांव के ही दो लोगों ने भगवा दिया है। इसकी जांच के लिए गुरुवार को पुलिस भी गांव छानबीन के लिए पहुंची थी, लेकिन कोई कार्रवाई न कर वापस लौट गई।

मृतक की मां ने बताया कि पत्नी के भाग जाने और ग्रामीणों के तानों से आहत होकर बलवीर ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि बलवीर खेती किसानी करके अपना जीवन यापन करता था। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि मां की तहरीर पर गांव के दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। आरोप सही पाये जाने पर आरोपितों की गिरफ्तारी की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *