बिल्हौर के अनूपपुरवा गांव में डेंगू के नौ मामले सामने आने के बाद गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में क्षेत्र के बरंडा, उत्तरीपूरा व चंडाली गांवों में भी छह मरीज मिलने पर शुक्रवार सुबह सीएचसी की टीम ने बरंडा व उत्तरीपूरा में शिविर लगाकर मरीजों की जांचकर दवाएं वितरित कीं और मलेरिया की जांच के साथ डेंगू के नमूने लिए। वहीं सफाई कर्मियों द्वारा गांव में सफाई की गई। गुरुवार शाम आई जांच रिपोर्ट में क्षेत्र के बरंडा गांव में चार, शांतिनगर उत्तरीपूरा में एक व चंडाली गांव में एक मरीज के डेंगू पाजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। जानकारी पर शुक्रवार सुबह सीएचसी की टीम डा. सोमेश सिंह के नेतृत्व में बरंडा व उत्तरीपूरा के शांतिनगर पहुंची। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की जांचकर दवाएं दीं। वहीं मलेरिया व डेंगू की जांच के लिए नमूने एकत्र किए। सीएचसी अधीक्षक डा. अरविद भूषण ने बताया कि इस दौरान बरंडा गांव में 12 व शांतिनगर में 36 मरीजों की जांच की गई। जिसमें बुखार के बरंडा में चार व शांतिनगर में छह मरीज मिले। उनकी मलेरिया की जांच की गई लेकिन सभी निगेटिव निकले। वहीं 10 मरीजों के डेंगू की जांच के लिए नमूने लिए गए। इस दौरान ग्राम प्रधान राजेश पाल ने सफाई कर्मियों को बुलाकर घरों में छिड़काव के साथ सफाई का कार्य शुरू कराया। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को घरों के आसपास साफ सफाई रखने, पानी का जमाव न होने देने के साथ मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करने, पानी उबालकर पीने के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य टीम में फार्मासिस्ट महेश शर्मा, लैब इंचार्ज मंजेश पटेल, अभिषेक पांडेय,शिवम मौजूद रहे। शाम को अनूपपुरवा गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने मरीजों का हालचाल लिया। इस दौरान टीम ने लोगों को मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
2021-09-11
