घर में घुसकर तोड़फोड़, दस राउंड फायरिंग

कानपुर देहात के रनियां में गुरुवार शाम एक भिखारी के रुपये मांगने पर दो पड़ोसियों में मामूली कहासुनी हो गई। देर रात एक पक्ष की ओर से बोलेरो व बाइकों पर पहुंचे युवकों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर सामान तोड़फोड़ दिया। इस दौरान करीब दस राउंड हवाई फायरिंग की गई। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से मोहल्ले के लोग डर गए। पुलिस ने एक नामजद समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रनियां कस्बे के चिटिकपुर में जर्नादन सिंह का मकान है। यहां कई किरायेदार रहते है। इसी मकान में बगल में जमशीदा पत्नी नसीम अहमद का मकान है। गुरुवार की शाम भीख मांगने वाली महिला पहुंची और एक किरायेदार से दस रुपये मांगे। इसी बीच एक युवक ने टिप्पणी कर दी तो विवाद शुरू हो गया। हालांकि कुछ देर बाद दोनों पक्ष शांत हो गए।

देर रात बोलेरो व बाइक से लाठी डंडे व तमंचे लेकर पहुंचे युवकों ने जमशीदा के मकान में घुसकर तोड़फोड़ की। इसके साथ ही युवकों ने करीब दस राउंड हवाई फायर किए। इसके बाद सभी फरार हो गए। हवाई फायरिंग व तोड़फोड़ करने का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इधर जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में ले लिया। जमशीदा ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।

अकबरपुर कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

शाम को मामूली विवाद के बाद देर रात एक पक्ष की ओर से दूसरे के घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई। इस दौरान कई राउंड हवाई फायरिंग की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान कराई जा रही है। सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश कोतवाल को दिए हैं।
– घनश्याम चौरसिया, एएसपी कानपुर देहात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *