*सोसायटी विवाद में बुजुर्ग से मारपीट, घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी, एफआईआर दर्ज*
कानपुर। नवाबगंज थाना क्षेत्र के परवरिश बगला सोसायटी में कार पार्किंग विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। 70 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक मनमोहन जालान के घर में पड़ोसी संजय नेवटिया व उसके सहयोगियों ने घुसकर मारपीट की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
मनमोहन जालान ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पड़ोसी संजय नेवटिया उनकी पार्किंग जगह पर कार व कूड़ादान रखकर लगातार परेशान करता है। इसको लेकर शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की गई थी। इसके बाद 29 अगस्त की रात करीब 9 बजे संजय नेवटिया अपने साथियों सोहित गुप्ता, श्याम गुप्ता, रमेश गुप्ता, राहुल गुप्ता, शुभम नेवटिया व मयंक नेवटिया समेत कई अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा और गालियां देते हुए दरवाजा खुलवाकर घर में घुस गया। आरोप है कि सभी ने तोड़फोड़ की और उनके बेटे का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
पीड़ित का कहना है कि हमलावर उनके बेटे का मोबाइल भी छीन ले गए, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे वापस दिलाया। पुलिस बुलाए जाने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां संजय नेवटिया और उसके समर्थकों ने उनके बेटे पर दबाव बनाकर जबरन समझौता पत्र लिखवाया।
वरिष्ठ नागरिक जालान ने कहा कि वह समझौता नहीं चाहते और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर खौफ में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय नेवटिया अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और गैंग बनाकर फ्लैट व जमीनों पर कब्जे का प्रयास करता है।
नवाबगंज पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। इसमें भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 352, 351(3), 333, 191(2) और 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राघव यादव को सौंपी गई है।
