कानपुर
2 सितंबर को दोस्त के साथ निकला ट्रांसपोर्ट व्यापारी लापता, अभी तक नहीं लगा कोई सुराग
नौबस्ता थानाक्षेत्र से तीन दिनों से लापता बैंक कर्मी की लाश बीते दिनों उन्नाव में मिली थी। अभी ये मामला शांत भी नहीं हुआ था कि क्षेत्र से एक और ट्रांसपोर्ट व्यापारी गायब हो गया है। व्यापारी 2 सितंबर को घर से अपने एक दोस्त के साथ निकला था जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। नौबस्ता थाने में 8 सितंबर को युवा ट्रांसपोर्ट व्यापारी की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिख ली गई लेकिन ट्रांसपोर्ट व्यापारी कहाँ है और किस हालात में है इसका कुछ पता नहीं लगा है। परिवार अपने बेटे की खोज में लगातार थाने के चक्कर लगा रहा है। बढ़ती घटनाओं के बाद परिवार को डर है कि बेटे के साथ कोई अनहोनी न हुई हो।
लापता व्यापारी की पत्नी प्रांजलि ने बताया कि जिस दिन पति घर से गए हैं उसी दिन रात डेढ़ बजे से फोन बंद आ रहा है। अभी तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने रिपोर्ट जरूर लिख ली है लेकिन अभी तक कोई अपडेट नहीं दिया है। पति की लास्ट लोकेशन तक पुलिस नहीं बता पाई है और न ही ये पता चला है कि उनको लास्ट बार किसने कॉल की। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया और कहा कि इससे लगता नहीं है कि पुलिस कुछ कर रही है।
लापता व्यापारी के पिता राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि 2 सितंबर को बड़ा बेटा प्रियांशु पांडेय जो ट्रांसपोर्ट का ही काम करता है अपने दोस्त हिमांशु और छोटू के साथ घर से गया था। प्रियांशु रात में घर नहीं लौटा तो पहले सोचा कि किसी काम से बाहर चला गया होगा। लेकिन उसके बाद देर रात से फोन भी बन्द आने लगा। राजकुमार ने बताया कि जिसके बाद दोस्त हिमांशु से पूछा तो उसने कहा कि मैंने प्रियांशु को टाट की पुलिया पर उसे छोड़ दिया था। उसके बाद कुछ नहीं पता।
