कानपुर; दिनांक – 21.09.2025

*बाल कलाकारों की संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने जीता यात्रियों का मन*

 

*’शो योर टैलेंट’ पहल के तहत बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर हुआ सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन*

 

कानपुर मेट्रो द्वारा आज रविवार की शाम बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर ‘एकांत की तलाश’ संस्था के सहयोग से संगीत संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नन्हे कलाकारों ने अपनी मनमोहक संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

 

लगभग 3:00 बजे से आरंभ हुए कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज में एक के बाद एक संगीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। इसके बाद मंच पर नृत्य प्रस्तुतियों की श्रृंखला आरंभ हुई। फिल्मी गीतों पर बच्चों के ऊर्जा से भरपूर नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की प्रस्तुतियों के बाद उनके परिजनों ने भी सम्मिलित होकर मंच पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए।

 

उल्लेखनीय है कि कानपुर मेट्रो ने नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए ‘शो योर टैलेंट’ नाम से एक पहल की शुरूआत की है। मेट्रो स्टेशन पर सोलो या ग्रुप संगीत प्रस्तुति, बैंड परफॉर्मेंस, स्केचिंग, नुक्कड़ नाटक आदि प्रस्तुति के लिए इच्छुक व्यक्ति या बैंड kanpurmetropr@upmrcl.co.in पर नाम और मोबाइल नंबर के साथ संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *