*कानपुर नगर, दिनांक 22 सितम्बर, 2025*

जिला मलेरिया अधिकारी के निर्देशन में जनपद कानपुर नगर के विभिन्न ब्लॉकों में वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण हेतु निरीक्षण एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।

भीतरगांव ब्लॉक के ग्राम नौरंगा, चौबेपुर ब्लॉक के ग्राम गोगूमऊ तथा सरसौल ब्लॉक के ग्राम सरसौल में संयुक्त टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 130 रोगियों का उपचार किया गया, जिनमें से 88 रोगियों की मलेरिया एवं डेंगू की जांच की गई। सभी जांच रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुईं।

भीतरगांव ब्लॉक के ग्राम नौरंगा में 42 रोगियों का उपचार किया गया तथा 29 जांचें की गईं। चौबेपुर ब्लॉक के ग्राम गोगूमऊ में 22 रोगियों का उपचार और 13 जांचें संपन्न कराई गईं। सरसौल ब्लॉक के ग्राम सरसौल में 46 रोगियों का उपचार किया गया तथा 46 जांचें की गईं। सभी जांचें निगेटिव पाई गईं।

इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां कराई गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे, इन्डोर स्पेस स्प्रे एवं एण्टमोलॉजिकल सर्वेक्षण संपन्न किए गए।

साथ ही स्थानीय जनसमुदाय को जागरूक करते हुए बताया गया कि लार्वा पनपने वाले स्थानों पर एकत्रित पानी को हटाएं, जलभराव वाली जगहों पर जला हुआ मोबिल ऑयल अथवा केरोसीन ऑयल डालें, खुली त्वचा पर मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करें तथा शरीर को ढककर रखें।

वाहक जनित एवं संचारी रोगों से बचाव हेतु लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
——–

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *