कानपुर नगर, 22 सितम्बर।

 

‘स्वच्छता ही सेवा-2025’ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आज शाम सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि आगामी नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था हर हाल में बेहतर दिखाई देनी चाहिए।

 

बैठक में तय किया गया कि 25 सितम्बर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम पर जिले-भर में श्रमदान और विशेष सफाई कार्यक्रम होंगे। इसमें अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मिलकर भागीदारी करेंगे।

 

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगरीय निकाय गड्ढा-मुक्त सड़कों का कार्य पूरा करें और पैचवर्क की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। घाटों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक शौचालयों और विरासत स्थलों की सफाई के साथ पानी-बिजली और केयरटेकर की व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए गए। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई की गति और तेज की जाए और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण नियमित रूप से किया जाए। गंदगी-प्रवण स्थलों पर सतत सफाई और सौंदर्यकरण कराया जाएगा।

 

बैठक में यह भी तय हुआ कि प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और कपड़े व जूट के थैलों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस काम में एनजीओ, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों को भी जोड़ा जाएगा। इनके साथ समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और अभियान की प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

 

बैठक में नगर निगम के अधिकारी, सभी जोनल अधिकारी और घाटमपुर, बिल्हौर, शिवराजपुर व बिठूर के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *