कानपुर
काकादेव पुलिस ने पांच अपराधियों को किया गिरफ्तार, विभिन्न स्थानों में लूट के है आरोपी
कानपुर नगर, 24 सितम्बर 2025 । कानपुर कमिश्नरेट की
काकादेव पुलिस की टीम और डीसीपी सेंट्रल की सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से बुधवार को थाना काकादेव में दर्ज एक मामले के सभी पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है । यह मामला बीएनएस की धारा 304(2) और 317(2) के तहत दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम गोविन्द (19 वर्ष), मंगू उर्फ दीपक (21 वर्ष), ईशू (18 वर्ष), राहुल सोनकर (18 वर्ष) और निखिल गौतम (23 वर्ष) हैं। सभी रावतपुर थाना क्षेत्र की कच्ची मडैया बस्ती के रहने वाले बताए जाते हैं। पुलिस ने उनसे घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और चोरी के पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में से मंगू उर्फ दीपक और निखिल गौतम का पहले से ही लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या के प्रयास, दंगा, मारपीट और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। अन्य अभियुक्तों के खिलाफ भी पहले अपराध दर्ज हैं।
यह सफल कार्रवाई काकादेव थाने के प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई । सभी अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद अदालत में पेश किया गया है।
