*युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में कोहराम*
कानपुर। सैनिक नगर इलाके में एक किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसके परिवार में मातम छा गया है।
मृतक की पहचान चुन्नू सिंह उर्फ राजू उम्र लगभग 38 वर्ष के रूप में हुई है। उनके पैतृक निवास महना गाँव, थाना ललौली, जिला फतेहपुर बताए जाते हैं। घटना चकेरी थाने के अहिरवा चौकी क्षेत्र में हुई, जहाँ वह अपने परिवार के साथ रह रहे थे।
चुन्नू सिंह ने अचानक आत्महत्या का कदम उठाया, जिसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। इस घटना ने उनके परिवार को तबाह कर दिया है। उनकी पत्नी गुड़िया सिंह चार नाबालिग बच्चों (एक बेटी और तीन बेटे) के साथ अकेली रह गई हैं। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक, चुन्नू सिंह परिवार का गुजर-बसर चलाने के लिए कानपुर में रोजी-रोटी की तलाश में रह रहे थे। उनकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
