*दादा नगर उद्यमियों ने बढ़े हाउस टैक्स पर जताया विरोध, महापौर को सौंपा ज्ञापन*
कानपुर। दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने लगातार बढ़ रहे हाउस टैक्स को लेकर नगर निगम के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने आज बुधवार को महापौर प्रमिला पांडेय को एक ज्ञापन सौंपकर कर बढ़ाए गए टैक्स और सीवर लाइन के मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
उद्यमियों का आरोप है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 का हाउस टैक्स पहले ही चुकता करने के बावजूद, अगस्त माह में उन्हें फिर से लाखों रुपये के नए बिल दिए गए हैं। इस कारण पूरा व्यापारी समुदाय परेशान है।
इस मामले पर उद्यमी विजय कपूर ने कहा, *”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छोटे उद्यमियों को बढ़ावा देने की योजनाएं ला रहे हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी हमें परेशान करने पर तुले हैं। यह कर वृद्धि नियमों के खिलाफ है।”*
ज्ञापन में सीटीआई चौराहे से नंदलाल चौराहे के बीच की सीवर लाइन का मुद्दा भी उठाया गया। न्यूज इंडिया की टीम से उद्यमियों ने बताया कि इस मार्ग पर पहले से ही सीवर लाइन मौजूद है, फिर भी इसी काम के लिए नए सिरे से टेंडर निकाला गया है, जो अनावश्यक है।
व्यापारी बलवीर सिंह छाबड़ा ने कहा, *”नगर निगम द्वारा उद्यमियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। हमें उम्मीद है कि महापौर इस ओर ध्यान देंगे।”*
कानपुर नगर की महापौर प्रमिला पांडेय ने दोनों मामलों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया है।
