गांधी जयंती पर 156 घंटे स्वच्छता अभियान का समापन

 

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम द्वारा संचालित 156 घंटे के अनवरत स्वच्छता अभियान पखवाड़ा का समापन धूमधाम से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नगर आयुक्त सुधीर कुमार एवं महापौर प्रमिला पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

समापन समारोह में नगर आयुक्त ने शहरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने में योगदान दे। महापौर ने उपस्थित जनमानस को “गंदगी रूपी रावण” के दहन का संकल्प दिलाते हुए कहा कि जैसे भगवान श्रीराम ने असत्य और अधर्म का नाश किया था, उसी प्रकार गंदगी और प्रदूषण का उन्मूलन करना भी समय की आवश्यकता है।इस दौरान नगर निगम टीम द्वारा गंदगी रूपी रावण का प्रतीकात्मक दहन किया गया। साथ ही नागरिकों को शपथ दिलाई गई कि वे न स्वयं गंदगी करेंगे, न ही प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करेंगे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

महापौर प्रमिला पांडेय ने इस अवसर पर घोषणा की कि नगर निगम के सभी सफाई कर्मचारियों को वर्ष में दो बार वर्दी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम कर्मचारियों के परिश्रम के सम्मान और प्रोत्साहन हेतु उठाया जा रहा है। भविष्य में सफाई कर्मियों के लिए अलग-अलग प्रोत्साहन योजनाएँ भी तैयार की जाएंगी।समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर निगम अधिकारी, सफाई कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *