कानपुर से धनबाद जा रहा ट्रक चालक गल्ला व्यापाारी का लाखों का माल लेकर गायब, कारोबारी ने लिखाया का मुकदमा
Mon, 13 Sep2021
कानपुर के कलक्टरगंज से झारखंड के धनबाद के लिए निकला एक ट्रक चालक गल्ला व्यापारी का 16 लाख रुपये का माल लेकर गायब हो गया। जानकारी होने पर व्यापारी ने ट्रक मालिक व चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा लिखाया है। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपितों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
सिविल लाइंस निवासी रमेश कुमार अग्रवाल की राम ट्रेडर्स नाम से कलक्टरगंज में फर्म है। रमेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह थोक माल मंगाकर उसे अन्य व्यवसायियों को बेचते हैं। 22 अगस्त को उन्होंने हमीरपुर के राठ से पीके इंटरप्राइजेज मटर (दलहन) 249.90 क्विंटल 16.24 लाख रुपये में खरीदी। यह माल झारखंड के धनबाद स्थित जयश्री भंडार को बेची गई थी। चकेरी में सुजानपुर स्थित ट्रांसपोर्टर शिवमूरत सिंह से माल भेजने के लिए वाहन मांगा। उन्होंने 22 अगस्त को बिल्टी आदि पेपर तैयार कर बिहार के रजिस्ट्रेशन नंबर के ट्रक में राठ से माल लोड कराया और रामादेवी चौराहे के पास 23 अगस्त को ट्रक चालक पप्पू यादव को कागजात देकर रवाना कर दिया, लेकिन अब तक माल धनबाद नहीं पहुंचा। बाद में ट्रांसपोर्टर ने बताया कि ट्रक मालिक वाराणसी के रमना लंका निवासी पवन कुमार व चालक पप्पू यादव से संपर्क नहीं हो पा रहा है। थाना प्रभारी संजीवकांत मिश्र ने बताया कि फर्म मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
