अरौल थाना क्षेत्र में बच्चों से भरी एक स्कूल वैन खाई में गिर गई। यह वैन अरौल से हिलालपुर जा रही थी, जिसमें आरएस जूनियर हाई स्कूल के कई बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि इस हादसे में सभी बच्चे बाल-बाल बच गए और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, आरएस जूनियर हाई स्कूल अरौल की ईको वैन अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में जा गिरी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को सकुशल वैन से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वैन का चालक नशे की हालत में था। इस घटना में स्कूल संचालक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यह कोई पहली घटना नहीं है; अरौल क्षेत्र में निजी स्कूल संचालकों की मनमानी और ईको वैन से होने वाले हादसे आम हो गए हैं। कुछ समय पहले भी इसी तरह की एक बड़ी घटना हुई थी, जिसमें कई बच्चे घायल हुए थे।
शिक्षा विभाग की कथित लापरवाही के कारण निजी स्कूल संचालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। कई वाहन एलपीजी/सीएनजी से फर्राटे भर रहे हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। इस हादसे में सुरक्षित निकाले गए बच्चों में अंशिका (पिता अनुज कुमार), अग्रेमा (पिता अनुज कुमार), कृष्णा (पिता विजय कुमार), अंशु (पिता रमाकांत), तन्वी (पिता रमाकांत) और विद्यान (पिता चंदप्रकाश) शामिल हैं। ये सभी बच्चे हिलालपुर गांव के निवासी हैं।
