कानपुर में लाखों गणेश-लक्ष्मी मूर्तियों का ससम्मान भू-विसर्जन आज
– अमर उजाला व श्रीओमर वैश्य युवा परिवार के अभियान के साथ जुड़े शहर-वासी
– शहरभर में 59 स्थानों पर स्टॉल लगाकर जमा की गई मूर्तियां, लोगों ने किया सहयोग
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर। अमर उजाला और श्री ओमर वैश्य युवा परिवार के संयुक्त अभियान के तहत शहरभर में 59 स्टॉलों पर लगभग सवा लाख गणेश और लक्ष्मी मूर्तियों का संग्रह किया गया। लोग अपने घरों, मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों से मूर्तियां लेकर स्टॉलों पर जमा कर इस पावन अभियान में सहयोग करते नजर आए।
इन सभी मूर्तियों का भू-विसर्जन आज दोपहर 2 बजे काली घाट, परमट पर किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक पूजन और आरती से होगी। इसके बाद सहयोगियों को आभार-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा और मूर्तियों का विसर्जन आचार्य काली चरण दीक्षित और सहयोगियों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ किया जाएगा। अंत में आतिशबाजी और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी होगा। शहर में 59 स्टॉल विभिन्न स्थानों पर बनाए गए थे, जहां दीपावली में स्थापित पिछले वर्ष की मूर्तियों को संग्रहित किया गया। नगर निगम द्वारा 30 फुट लंबा, 35 फुट चौड़ा और 15 फुट गहरा गड्ढा तैयार किया गया है, जबकि मार्ग प्रकाश विभाग ने हाईमास्ट टावरों की रोशनी ठीक कराई। इस अभियान में सहयोगी तरूण गुप्ता, वैभव गुप्ता, उत्कर्ष नाथ गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता, उमेश गुप्ता, हिमांशु , वरूण गुप्ता ने स्टॉलों से मूर्ति एकत्रीकरण से लेकर कालीघाट में देररात्रि तक तैयारियों में सहयोग किया। बिरहाना रोड केपीएम अस्पताल के बाहर श्री राम नवमी महोत्सव कमेटी जानकी मंदिर की महिला समिति की अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, महामंत्री उपासना , स्वीटी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता, सुचिता गुप्ता, वैभवी, रागिनी गुप्ता, नीतू , प्रीति अनूप गुप्ता, जया, सुषमा गुप्ता ने शनिवार को मूर्ति एकत्रीकरण के लिए स्टॉल लगाया और क्षेत्र में महिलाओं की टोली बनाकर मूर्तियों को एकत्र भी किया।
इस आयोजन में रोटरी क्लब कानपुर ईस्ट, श्री जगन्नाथ सेवा समिति, वारदाना व्यापार मंडल, जन सेवा कुटुंब, कानपुर कपड़ा कमेटी, लाफिंग बुद्धा, बाल गोपाल मंडल सहित कई संस्थाओं और स्थानीय व्यापारियों व महिला समितियों ने सहयोग किया। बिरहाना रोड के केपीएम अस्पताल के बाहर श्री राम नवमी महोत्सव कमेटी और जानकी मंदिर महिला समिति की टीम ने विशेष भूमिका निभाई। अलंकार ओमर, संरक्षक श्री ओमर वैश्य युवा परिवार ने कहा कि यह अभियान ससम्मान मूर्ति विसर्जन और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देता है।
