
कानपुर, 29 अक्टूबर।
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी पूरे देशभर में “राष्ट्रीय एकता दिवस” के रूप में मनाएगी। इसी क्रम में भाजपा कानपुर उत्तर जिला ने आज से इस आयोजन की तैयारियाँ युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दी हैं।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में आज भाजपा कार्यालय नवीन मार्केट में आर्यनगर विधानसभा के सेक्टर संयोजकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी थी। आज का यह कार्यक्रम उनके प्रति कृतज्ञता और राष्ट्रीय एकता के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि 31 अक्टूबर को आयोजित रन फॉर यूनिटी में हर बूथ से कम से कम 100 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर हर बूथ पर सरदार पटेल का चित्र लगाकर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, ताकि कार्यकर्ता और आम नागरिक दोनों ही भारत की एकता और अखंडता के प्रति अपना संकल्प दोहरा सकें।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि आगामी रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यह भव्य दौड़ मूलगंज चौराहे से प्रारंभ होकर चंद्रिका देवी चौराहे तक आयोजित की जाएगी। जिलेभर के कार्यकर्ता, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, वरिष्ठ नागरिक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग इसमें शामिल होंगे।
कार्यक्रम की सफलता हेतु प्रत्येक मंडल और सेक्टर स्तर पर टीमें गठित की गई हैं जो बूथवार संपर्क एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करेंगी।
अंत में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती केवल एक उत्सव नहीं बल्कि भारत की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। भाजपा कार्यकर्ता इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से अभियान संयोजक विनय सिंह पटेल,संतोष शुक्ला, पूनम कपूर जन्मेजय सिंह, नवाब सिंह ,धीरज बाल्मीकि, सत्यम गुप्ता योगेश पांडे, रमाशंकर अग्रहरि,दीपक शुक्ला,प्रशांत त्रिपाठी उपस्थित रहे।
