कानपुर
वकीलों ने कचहरी में पुलिस को धकेला-मारा, आरोपी को गिरफ्तार कर भागने पर मजबूर हुई पुलिस
कानपुर में एक लॉ स्टूडेंट पर जानलेवा हमले के आरोपी वकील को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस के साथ कचहरी परिसर में ही वकीलों के एक समूह ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोपी को पुलिस वाहन से खींचने के प्रयासों के बीच पुलिस को अपनी जान बचाकर आरोपी को लेकर वहां से भागना पड़ा। यह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
*क्या हुआ था घटना?*
यह घटना बुधवार की है जब रावतपुर थाने की पुलिस लॉ स्टूडेंट अभिजीत सिंह पर हमले के मामले में आरोपी अधिवक्ता प्रिंस राज श्रीवास्तव को गिरफ्तार करने कचहरी पहुंची। पुलिस आरोपी को गाड़ी तक ले आई, लेकिन तभी मौजूद कुछ वकीलों ने पुलिस को घेर लिया और आरोपी को गाड़ी से नीचे खींचने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की।
पुलिस ने किसी तरह आरोपी को हिरासत में लेकर वहां से निकलने में कामयाबी हासिल की। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे गुरुवार को भारी पुलिस बल के बीच कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
*लॉ स्टूडेंट पर क्यों हुआ था हमला?*
रावतपुर थाना क्षेत्र के 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट अभिजीत सिंह पर 25 नवंबर को चापड़ (तलवार) से जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले में उनकी दो उंगलियां कट गईं, सिर पर गंभीर घाव हुआ और पेट में चापड़ मारने से उनकी आंतें बाहर निकल आईं। गंभीर रूप से घायल अभिजीत का अभी भी एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
*पुलिस ने क्यों साधी है चुप्पी?*
वकीलों द्वारा पुलिस पर हमले और बाधा डालने की इस पूरी घटना के बावजूद पुलिस प्रशासन ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और चुप्पी साधे हुए है। वकीलों के खिलाफ कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। मामले में डीसीपी वेस्ट ने केवल इतना कहा है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेजा जाएगा।
*प्रेस कॉन्फ्रेंस ने बढ़ाई मुसीबत*
बताया जा रहा है कि आरोपी प्रिंस राज श्रीवास्तव ने मंगलवार को ही कचहरी परिसर में ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपना पक्ष रखा था। इसके बाद से ही वह पुलिस के निशाने पर आ गया था और अगले ही दिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
