सपनों का बोझ न झेल सका नीट छात्र,हॉस्टल में किया आत्महत्या
कानपुर,रावतपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। रूम पार्टनर के नमाज पढ़ने जाने के बाद युवक ने कमरे को अंदर से बंद कर पंखे के सहारे लुंगी से फंदा लगा लिया। नमाज पढ़कर लौटे रूम पार्टनर ने जब दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखा तो युवक फंदे से लटक रहा था।
शोर सुनकर हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्र मौके पर पहुंच गए। हॉस्टल मालिक ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया।
रावतपुर थाना क्षेत्र के हितकारी नगर में शहनवाज का दो मंजिला केवीएच बॉयज हॉस्टल है, जहां बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र रहकर पढ़ाई करते हैं। मृतक के रूम पार्टनर इमदाद हसन ने बताया कि तहसील मिलख, जिला रामपुर के ग्राम भवरका निवासी नजीर अहमद का 20 वर्षीय पुत्र मोहम्मद ओआन उसका रूम पार्टनर था। तीन दिन पहले ही ओआन नीट परीक्षा की तैयारी के लिए रामपुर से हॉस्टल आया था।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे इमदाद नमाज पढ़ने गया था। वह अपना मोबाइल फोन कमरे में ही छोड़ गया था। वापस लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। शंका होने पर ऊपरी मंजिल पर रह रहे छात्रों ने लोहे की जाली से झांककर देखा तो ओआन फांसी के फंदे से लटका मिला।
पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है— “मैं अपनी जिंदगी से परेशान हो गया हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है। घर वाले खुश रहें, मरने के बाद मैं भी खु.श रहूंगा।”
