कानपुर
कानपुर में 9 नवंबर को क्वीर प्राइड परेड का आयोजन, बिहार के मंत्री ने कांग्रेस पर लगाए आरोप
कानपुर, 8 नवंबर। कानपुर क्वीर वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा शनिवार, 9 नवंबर 2025 को ‘कानपुर क्वीर प्राइड परेड’ का आयोजन किया जा रहा है। इसकी घोषणा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को कानपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता में की।
प्रेस वार्ता को फाउंडेशन के संस्थापक अनुज पांडेय, राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमा चौधरी, बिहार सरकार में दर्जा प्राप्त बिहार राज्य किन्नर समाज कल्याण मंत्री डॉ. राजन सिंह और सह-संस्थापक मोहम्मद एहसान अंसारी ने संबोधित किया।
*बिहार के मंत्री का कांग्रेस पर हमला*
इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री डॉ. राजन सिंह ने वहाँ की सरकार पर ‘जंगलराज’ का आरोप लगाते हुए वर्तमान बिहार चुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कांग्रेस पर ट्रांसजेंडर समुदाय के वोटों की ‘चोरी’ का आरोप लगाया।
डॉ. सिंह ने कहा, “कांग्रेस के शासनकाल में जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह तक, सभी ने किन्नर समाज के हक़ और उनके वोट चोरी किए, जिसके चलते आज वह सत्ता से बाहर है। यह ट्रांसजेंडरों की बद्दुआ ही है कि आज कांग्रेस सत्ता से बाहर है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में ट्रांसजेंडर समुदाय की अनदेखी की, जिसके कारण समुदाय आज भी मुख्यधारा में पिछड़ गया है।”
उन्होंने आगे कहा, “भगवान राम ने सदैव किन्नर समुदाय को अपनाया और सम्मान दिया। इसी कारण किन्नरों का सम्मान करने वाली एनडीए सरकार आज सत्ता में है और आगे भी रहेगी। एनडीए सरकार ने हमें हर प्रकार से समर्थन दिया है और हमें उम्मीद है कि आगे भी हमारी आवाज़ सुनी जाएगी।”
*समुदाय की मांगें रखीं*
वहीं, फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमा चौधरी ने कहा, “हम उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि हमारे समुदाय की आवाज़ बनकर हमें मुख्यधारा से जोड़ा जाए और नौकरियों के अवसर भी प्रदान किए जाएं।”
उन्होंने बताया कि परेड में सैकड़ों-हजारों ट्रांसजेंडरों के जुटने की संभावना है। सलमा ने कहा, “हम अपनी आवाज़ बुलंद करने के लिए एकजुट हो रहे हैं। कल के दिन ट्रांसजेंडर समुदाय कानपुर में ईद और दिवाली जैसा समारोह मनाएगा।”
फाउंडेशन की ओर से प्रधानमंत्री से यह मांग भी की गई कि ट्रांसजेंडर समुदाय को जनसंख्या के आधार पर हर क्षेत्र में उचित आरक्षण दिया जाए, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़कर हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
