कानपुर
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह,सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सीसीटीवी फुटेज,चार पर मुकदमा दर्ज
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात गोपाल टावर चौराहा क्षेत्र की है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय लकी यादव, निवासी गोपाल टावर चौराहा, के रूप में हुई है। हमले के दौरान लकी को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
रविवार सुबह घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें चार युवक लकी पर बेरहमी से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है। मृतक की मां लक्ष्मी यादव की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों — रोहित उर्फ नंदू चौहान, अंकुर, मोहित और अभय ठाकुर — के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि तीन फरार हैं।
पेट्रोल खत्म हुआ, उसी दौरान हुई वारदात
लकी की मां लक्ष्मी यादव ने बताया कि उनका बेटा शनिवार रात अपने दोस्त रीशू सोनकर के साथ बाइक से डबल पुलिया की ओर गया था। लौटते वक्त गोपाल टावर के पास बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। तभी पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पहुंचे और लकी को रोक लिया। बताया जाता है कि पुरानी रंजिश के चलते चारों ने लकी पर लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रीशू ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसे भी पीटा गया। लकी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद रीशू किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो लकी अचेत अवस्था में पड़ा था। आनन-फानन में उसे कुलवंती अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे कार्डियोलॉजी अस्पताल रेफर किया। कार्डियोलॉजी पहुंचते ही डॉक्टरों ने लकी को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर रावतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वायरल वीडियो बना जांच का आधार
घटना के कुछ घंटे बाद सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया, जिसमें साफ तौर पर चार युवक लकी पर हमला करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लकी का जयप्रकाश नगर की एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी को लेकर युवती के भाई और लकी के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था।
पुलिस ने शुरू की सघन तलाश
रावतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी हिरासत में है और शेष तीन की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश, दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
