
कानपुर 11 नवंबर
आज भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुग ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी देश की सुरक्षा के लिए एक गंभीर चेतावनी है। उन्होंने कहा कि यह विस्फोटक सामग्री भारत के नागरिकों के ऊपर एक सुनियोजित हमले की साजिश का हिस्सा थी, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया।
श्री चुग ने स्पष्ट कहा “भारत सरकार और भारतीय जनता पार्टी की नीति जीरो टॉलरेंस फॉर टेररिज्म है। जो भी इस षड्यंत्र में शामिल होगा, चाहे वह कोई भी व्यक्ति या संगठन हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ सबसे कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश की एकता, अखंडता, प्रभुसत्ता और नागरिक सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पिछले ग्यारह वर्षों में 12 बड़ी आतंकवादी घटनाओं का जवाब निर्णायक रूप से दिया गया है, और दोषियों को कठोर सज़ा दी गई है।
भाजपा की सरकार ने आतंकवाद की जड़ों को समाप्त करने की दिशा में लगातार कदम उठाए हैं।
“इस बार भी हमने आतंकवादियों के ‘अर्बन जेहादी मॉडल’ को उनके हमले से पहले ही धराशायी कर दिया है,”
उन्होंने कहा।
बिहार की राजनीति पर वक्तव्य
श्री तरुण चुग ने कहा कि बिहार की जनता का रुझान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास की जोड़ी के साथ है। बिहार की जनता ने जंगलराज के भ्रष्ट युवराजों और युवरानियों की अराजकता, आतंक और माफियाराज को बहुत करीब से देखा है।
उन्होंने कहा “बिहार की जनता जानती है कि जिन्होंने बिहार को बीमारू राज्य बना दिया, माफिया, रंगदारों और दादागिरी को पनपने दिया, उनके हाथों बिहार का विकास कभी संभव नहीं। यह चुनाव जंगलराज, माफियाराज और दादागिरीराज के खिलाफ जनता का फतवा है, और नीतीश कुमार व नरेंद्र मोदी जी की विकास-विश्वास की जोड़ी को जनता का आशीर्वाद है।”
मोदी सरकार का वंचितों के उत्थान का संकल्प
श्री चुग ने कहा कि भाजपा का संकल्प है “सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास”।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 26 मई 2014 को संसद की सीढ़ियों पर माथा टेकते हुए यह शपथ ली थी कि उनकी सरकार वंचितों और शोषितों को आगे लाने वाली सरकार होगी।
उन्होंने कहा “आज यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि भारत की प्रथम नागरिक, महामहिम राष्ट्रपति जी, अनुसूचित समाज से आती हैं — यह सामाजिक न्याय और समान अवसर का सबसे बड़ा उदाहरण है।”
भगवान बिरसा मुंडा और अमृतकाल में राष्ट्रनायक सम्मान
प्रेस वार्ता में श्री तरुण चुग ने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान राष्ट्रनायक केवल जनजातीय समाज के ही नहीं बल्कि पूरे भारत के प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को हर्षोल्लास के साथ मना रहा है।
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अमृतकाल में उन अनसीन हीरोज को देश के सामने लाने का कार्य किया है, जिन्होंने जंगलों और गांवों में रहकर राष्ट्र की स्वतंत्रता और अस्मिता के लिए संघर्ष किया। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की वर्षगांठ उसी राष्ट्रनिष्ठ परंपरा का प्रतीक है।”
अंत में श्री तरुण चुग ने कहा कि“भारतीय जनता पार्टी देश की सुरक्षा, एकता और विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। आतंकवाद, भ्रष्टाचार और अराजकता के खिलाफ यह संघर्ष जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का अमृतकाल विकास, विश्वास और राष्ट्रीय एकता के नव अध्याय का कालखंड है।”
प्रेस वार्ता में राज्यसभा सदस्य के लक्ष्मण,क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल,प्रदेश महामंत्री,गोविंद नारायण शुक्ल,अनूप गुप्ता,शिवराम सिंह,उपेंद्र पासवान,अनिल दीक्षित क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी मौजूद रहे ।
