कानपुर

 

कानपुर पुलिस आयुक्त से शिकायत दर्ज कराने पहुंची महिला, जान से मारने की मिली धमकी

 

कानपुर। शहर के बाबूपुरवा इलाके की एक महिला ने पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के समक्ष एक चौंकाने वाली शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने अपनी शिकायत में कई लोगों पर सामूहिक बलात्कार, धमकी, जबरन तलाक और हत्या की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

प्रार्थिना कहकशा (पुत्री रियाज अहमद) ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि उसका पूर्व पति से दहेज प्रताड़ना के बाद तलाक हो गया था और उसकी एक पांच साल की बेटी है। जीविकोपार्जन के लिए वह एक कारखाने में काम करने लगी, जहां उसकी मुलाकात तनवीर नामक शख्स से हुई। तनवीर ने उसे शादी और अच्छे जीवन का वादा करके लिव-इन रिलेशनशिप में रहना शुरू किया।

 

कहकशा के अनुसार, 19 जून, 2024 की रात तनवीर अपने कुछ दोस्तों के साथ उसके घर आया। उन्होंने बिरयानी और कोल्ड ड्रिंक के जरिए उसे बेहोश करके सामूहिक बलात्कार किया और उसके सारे बाल काट दिए। जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो तनवीर ने पुलिस में अपने दबदबे और बेटी की हत्या की धमकी दी।

 

बाद में, तनवीर ने शादी का वादा करके मामला रफा-दफा करवा लिया और 01 जनवरी, 2025 को दोनों ने निकाह कर लिया। लेकिन कहकशा का कहना है कि तनवीर का दुर्व्यवहार जारी रहा। वह शराब पीकर आता, मारपीट करता और उसे नशे की गोलियां खिलाकर बेहोश कर देता। 30 अप्रैल, 2025 को उसके खाते में 1,80,000 रुपये भेजकर तनवीर ने कहा कि उसका ‘मेहर गुजारा भत्ता’ है और तलाक हो चुका है।

 

कहकशा ने आगे आरोप लगाया कि 19 मई, 2025 को शहर-ए-काजी अब्दुल खुद्दस के सामने जबरदस्ती तलाक (खुला) पर हस्ताक्षर करवाए गए। अब तनवीर और उसके साथी उसे शहर-ए-काजी के पास हलाला करने के लिए दबाव डाल रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि अगर उसने माना तो उसके और उसकी बेटी के साथ बलात्कार करके उन्हें मार दिया जाएगा।

 

महिला ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई है कि उसकी जान को खतरा है और अब तक थाने में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उसने तनवीर, तौफीक, अरशद, माबूद और शहर-ए-काजी अब्दुल खुद्दस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

इस मामले में पुलिस आयुक्त कार्यालय से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *