कानपुर, 17 नवंबर। ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में त्रि-दिवसीय स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला सचिव- भारत स्काउट और गाइड कानपुर नगर मा. श्री सर्वेश तिवारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि जिला सचिव – भारत स्काउट और गाइड कानपुर नगर मा. श्री सर्वेश तिवारी ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आप सबने इस तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर में सम्मिलित होकर अनेक प्रकार के प्रशिक्षण प्राप्त किये। स्काउट को सबसे पहले ईश्वर और देश के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करना, दूसरों की सेवा करना, प्रत्येक दिन भलाई का एक कार्य करना और स्काउट नियमों का पालन करना चाहिए। इसका अर्थ है कि स्काउट को विश्वसनीय, वफादार और विनम्र होना चाहिए, प्रकृति और पशु-पक्षियों का मित्र बनना चाहिए, अनुशासन में रहना और मितव्ययी होना भी आवश्यक है। तभी पूर्ण स्काउट माना जाएगा। इस प्रशिक्षण के दौरान आप सब ने प्राथमिक चिकित्सा, संकेत के चिन्ह, विविध प्रकार की गाठों के बारे में जानकारी प्राप्त की होगी जो जीवन में बड़ी उपयोगी सिद्ध होगी। पढ़ाई के साथ इस प्रकार की अतिरिक्त गतिविधियां जीवन के लिए आवश्यक होती हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण प्राप्त कर व्यक्ति एक आदर्श नागरिक बनता है। लॉर्ड वेडेन पावेल ने स्काउटिंग का प्रारंभ किया था। वस्तुत: स्काउटिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को खेल-खेल में प्रशिक्षित किया जाता है। इस प्रशिक्षण में किसी प्रकार का तनाव या दबाव नहीं होता है, जबकि बच्चे अत्यंत प्रसन्न होकर इसे सीखते हैं। वर्तमान में करियर का अत्यंत दबाव रहता है। स्काउटिंग इस दबाव से छात्र-छात्रा को मुक्ति दिलाती है। पांच वर्ष की अवस्था से प्रारंभ होने वाले स्काउटिंग-गाइडिंग के प्रशिक्षण अवस्था के अनुसार बदलते हैं। स्काउटिंग जहां एक ओर हमारे व्यक्तित्व का निर्माण करती है, वहीं जीवन निर्माण में भी सहयोग करती है। आप सबने तीन दिनों का यह प्रशिक्षण प्राप्त किया; निश्चित रूप से आप इस क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे।
ओंकारेश्वर ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के वरिष्ठ संरक्षक डॉ. अंगद सिंह एवं प्रबंध निदेशक डॉ. पूजा अवस्थी एवं आकांक्षा सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राममिलन सिंह ने मुख्य अतिथि व अन्य महानुभावों का परिचय कराते हुए स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र चि. प्रत्यक्ष शर्मा ने ‘हे जन्मभूमि भारत………………’ प्रेरक गीत की सुमधुर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन कु. आराध्या सिंह गौड़ ने किया। विद्यालय छात्र संसद की प्रधानमंत्री कु. दिव्यांशी शुक्ला ने मुख्य अतिथि व अन्य महानुभावों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्रीमती मिथिलेश पांडेय एवं श्रीमती प्रीति तिवारी स्काउट-गाइड प्रशिक्षक के रूप में उपस्थिति रहीं। स्काउट-गाइड समारोह में मुख्य रूप से डॉ. ममता तिवारी, डॉ. गिरीश कुमार मिश्र, भूपति तिवारी, आर.के. सिंह, शिवानी सिंह, प्रतिभा सिंह चौहान व अन्य शिक्षक गण उपस्थित रहे।
