कानपुर

 

1000 किलो अवैध पटाखा बरामद झींझक कस्बे के एक गोदाम में पुलिस व एसओजी टीम ने की छापेमारी

 

 

कानपुर देहात । पुलिस और एसओजी टीम ने झींझक कस्बे में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1000 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस दौरान पटाखा बनाने के उपकरण, पोटाश, गंधक सहित अन्य सामग्री और एक चार पहिया वाहन सुजुकी (UP 78 JE 9636) भी जब्त किया गया।

 

यह कार्रवाई दीपावली पर्व के दौरान अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और निर्माण पर कड़ी निगरानी के तहत की गई। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह, पुलिस महानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चन्दर के नेतृत्व में तथा पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है।

 

गोपनीय सूचना के आधार पर, कस्बा झींझक निवासी आयुष उर्फ हर्ष गुप्ता (25 वर्ष) पुत्र राजीव गुप्ता के घर और उसके गोदाम पर छापेमारी की गई। आयुष बड़ा चौराहा, झींझक का रहने वाला है। मौके से भारी मात्रा में अवैध पटाखे और निर्माण सामग्री बरामद हुई।

 

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान अभियुक्त आयुष उर्फ हर्ष गुप्ता मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ थाना मंगलपुर में मु0अ0स0 406/25, धारा 5/9B विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

 

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार, थाना मंगलपुर, मय पुलिस टीम और एसओजी प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, मय टीम शामिल रहे। कानपुर देहात पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्त की तलाश जारी है और अवैध पटाखों के खिलाफ यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा। इस कार्रवाई से त्योहारों के दौरान होने वाले संभावित हादसों को रोकने में मदद मिलेगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *