कानपुर देहात
दिल्ली ब्लास्ट में कानपुर देहात से कड़ी जुड़ी
दिल्ली ब्लास्ट की जांच में डॉक्टर शाहीन का नाम सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उनकी कानपुर तैनाती और नेटवर्क की छानबीन कर रही हैं। जांच में सामने आया है कि कानपुर मेडिकल कॉलेज में तैनाती के दौरान डॉक्टर शाहीन कई बार संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई थीं। इसी दौरान कॉलेज में तैनात डॉक्टर हामिद अंसारी भी बिना सूचना दिए अनुपस्थित रहे थे और बाद में दोनों डॉक्टरों को कॉलेज प्रशासन द्वारा साथ ही बरखास्त किया गया था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि डॉक्टर शाहीन और डॉक्टर हामिद के बीच किसी प्रकार का कोई नेटवर्क, लिंक या समान गतिविधि तो नहीं थी। इस बीच डॉक्टर हामिद ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण उन्हें अपनी मां के ऑपरेशन के लिए सऊदी अरब नौकरी करने जाना पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि वापसी के बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर दोबारा ज्वाइन किया और डॉक्टर शाहीन से उनके किसी भी प्रकार के निजी संबंध नहीं थे। वे केवल सीनियर–जूनियर के रूप में साथ काम करते थे और उनके बीच किसी विशेष बातचीत या जानकारी का आदान–प्रदान नहीं होता था। डॉक्टर हामिद ने कहा कि डॉक्टर शाहीन की किसी भी गतिविधि के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल दोनों की अनुपस्थिति की टाइमलाइन, विदेश यात्रा रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, बैंक लेनदेन और संभावित नेटवर्क कनेक्शन खंगाल रही हैं और जांच में आने वाले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। डॉक्टर हामिद अंसारी के साथ गायब रहे दो उन डॉक्टर की भी जांच की जा रही है जिनका नाम डॉक्टर निसार और डॉक्टर हिफजूल रहमान जो इस समय लखनऊ में तैनात हैं.
