*कुशाग्र हत्याकांड: शिवा ने ही घर पर डाली थी फिरौती की चिट्ठी, वैज्ञानिक की गवाही में हुआ खुलासा*

 

कानपुर। एडीजे-11 सुभाष सिंह की अदालत में गुरुवार को कुशाग्र हत्याकांड के 10वें गवाह—विधि विज्ञान प्रयोगशाला के वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव—की गवाही और जिरह हुई। डॉ. श्रीवास्तव ने अदालत में साफ बताया कि घर पर फिरौती का पत्र डालने वाला युवक शिवा ही था।

 

वैज्ञानिक ने जिरह में कहा कि गला घोंटकर हत्या किए जाने के मामलों में कई बार हायट बोन (गले की हड्डी) नहीं टूटती है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि शिवा जिस स्कूटी से पत्र डालने आया था, उसकी फटी हुई गद्दी सीसीटीवी फुटेज में बिल्कुल उसी स्थान पर दिख रही है, जिससे स्कूटी की पहचान पुख्ता हो जाती है।

स्कूटी की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी—नंबर में एक्स को ई में बदला गया था।

 

एडीजीसी भास्कर मिश्रा के अनुसार, कन्नौज में तैनात वैज्ञानिक से आरोपियों रचिता वत्स, प्रभात शुक्ला और शिवा गुप्ता के अधिवक्ताओं ने विस्तृत जिरह की। वैज्ञानिक की गवाही और जिरह गुरुवार को पूरी हो गई।

 

गौरतलब है कि 30 अक्तूबर 2023 को जयपुरिया स्कूल में कक्षा-11 के छात्र कुशाग्र कनोडिया का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर शव प्रभात शुक्ला के घर से बरामद हुआ था।

 

अब अदालत ने शुक्रवार को विवेचक को गवाही के लिए तलब किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *