30 नवंबर
*गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान का उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया बूथ स्तर पर स्थलीय निरीक्षण*
आज दोपहर लगभग 2 बजे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. ब्रजेश पाठक ने गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की वास्तविक प्रगति का आकलन करने हेतु स्वयं बूथ पर पहुँचकर जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। उनके साथ भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल भी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल सीसामऊ विधानसभा के चुन्नीगंज मंडल स्थित पीएसजीएम मेमोरियल पोलिंग सेंटर पहुँचे, जहाँ उन्होंने बूथ संख्या 41 से 47 तक अब तक वितरित किए गए न्यूमरेशन फॉर्म, उनकी प्राप्ति, जमा होने की स्थिति तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित बूथ अध्यक्षों व बीएलए-2 से कहा कि—
“कोई भी पात्र मतदाता किसी भी परिस्थिति में छूटना नहीं चाहिए। जिन लोगों के फॉर्म अब तक नहीं भरे गए हैं, उनके घर जाकर फॉर्म भरवाएँ। यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।”
उन्होंने बूथ टीमों को फॉर्म सत्यापन, त्रुटिहीन प्रविष्टियों और समयबद्ध जमा करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने भी सभी मंडल एवं बूथ कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा—
“हम सभी कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ इस अभियान में जुटें। निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए समय-विस्तार का अधिकतम उपयोग करें ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित सीसामऊ विधानसभा के कौशलपुरी मंडल के वार्ड 5 के बूथ नंबर 157 से लेकर 170 तक व कल्याणपुर विधानसभा गीता मंडल के बूथ नंबर 170 से लेकर 186 तक कार्यकर्ताओं के साथ घर घर जाकर लोगों को न्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का आग्रह किया और बूथों का निरक्षण किया और बी एल ओ से जमा फॉर्म की स्थितियों पर चर्चा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क सक्रिय रहे, और हर कार्यकर्ता घर–घर पहुँचकर मतदाता सहायता का दायित्व निभाए। साथ में अभिनव दीक्षित राजेश जोशी,भानु सिंह रीता पासवान धीरज साहू आदि रहे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने वार्ड 81 के बूथ नंबर 222 से 224 तक घर घर संपर्क कर न्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का आग्रह किया।
उप मुख्यमंत्री के इस स्थलीय निरीक्षण से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ और गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को गति देने का संदेश स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
