कानपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कानपुर के पूर्व सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव शरीर को भैरव घाट पर पंचतत्व में विलीन कर दिया गया, जहां उनके बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी।

 

श्रीप्रकाश जायसवाल, जो कानपुर से तीन बार सांसद रहे, का 81 वर्ष की आयु में बीते शुक्रवार को हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

 

उनके निधन के बाद रविवार को उनकी अंतिम यात्रा निकली, जिसमें हजारों समर्थकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। अंतिम यात्रा उनके पोखरपुर स्थित लाल बंगला से शुरू हुई और तिलक हाल स्थित कांग्रेस कार्यालय होते हुए भैरव घाट पहुंची। इस दौरान लोगों ने ‘श्रीप्रकाश अमर रहें’ जैसे नारे लगाए।

 

अंतिम संस्कार के मौके पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले सहित कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

 

श्रीप्रकाश जायसवाल अपने सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे और उनके संबंध विपक्षी दलों के नेताओं से भी सौहार्दपूर्ण थे। उनके निधन पर राजनीति के सभी दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *