विकास भवन के कॉल सेंटर की दैनिक मॉनिटरिंग से चमका स्वच्छता तंत्र
समय पर मानदेय, नियमित सफाई और सतत निगरानी से बदली सामुदायिक शौचालयों की तस्वीर
कानपुर नगर,विकास भवन स्थित कॉल सेंटर से जनपद के सभी सामुदायिक शौचालयों की दैनिक मॉनिटरिंग शुरू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता प्रबंधन की कार्यप्रणाली में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। नियमित कॉलिंग, समयबद्ध फीडबैक और समीक्षा के चलते अब शौचालय पहले से कहीं अधिक साफ-सुथरे दिखाई दे रहे हैं और केयरटेकरों का मानदेय भी समय से सुनिश्चित हो रहा है। यह पहल अब जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम बनकर सामने आई है।
जनपद में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित सामुदायिक शौचालयों की क्रियाशीलता, संचालन और केयरटेकरों के मानदेय भुगतान की स्थिति को परखने के लिए कॉल सेंटर के माध्यम से सभी ग्राम पंचायत सचिवों, नामित स्वयं सहायता समूहों, केयरटेकरों और ग्राम प्रधानों से सीधे संपर्क किया गया।
इसके बाद कॉल सेंटर से प्रतिदिन प्रगति ली जाने लगी। हर पंचायत से लगातार यह जानकारी प्राप्त की जाती रही कि शौचालय खुला है या नहीं, सफाई की व्यवस्था कैसी है, पानी और बिजली की स्थिति दुरुस्त है या नहीं तथा केयरटेकर को उसका मानदेय मिला या नहीं। ग्राम स्तर पर की गई कार्यवाहियों की पुष्टि ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज भुगतान, विकास खंड स्तर पर सहायक विकास अधिकारियों और खंड प्रेरकों द्वारा किए गए औचक निरीक्षण तथा मौके से प्राप्त फोटो और वीडियो के माध्यम से की गई। पतारा विकास खंड की ग्राम पंचायत बम्बुराहा और सराय में मुनिया और सरोजनी देवी को नए केयरटेकर के रूप में चयनित किया गया। पर्याप्त समय देने के बाद भी लापरवाही बरतने वाले दो सचिव राज कमल कटियार और आदर्श परासर को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत की गई, जिससे विभागीय स्तर पर अनुशासन और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश गया।
