*जीबीसी 5.0 की तैयारी तेज, जिलाधिकारी ने विभागों से मांगी प्रगति रिपोर्ट*

*एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य की दिशा में यूपी का महत्वपूर्ण कदम*

कानपुर नगर।

उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा आयोजित की जाने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) 5.0 को विकास का अहम चरण माना जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति, विभागवार उपलब्धियों और निवेश प्रस्तावों की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि जीबीसी केवल समारोह नहीं, बल्कि निवेश को जमीन पर उतारने की एक निर्णायक प्रक्रिया है। जनपद को ₹12,000 करोड़ का लक्ष्य दिया गया है, जिसके सापेक्ष विभिन्न विभागों और निवेशकों की ओर से करीब ₹4,000 करोड़ का निवेश ‘रेडी टू ग्राउंड’ स्थिति में है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें और सभी प्रस्तावों की प्रगति अगले चरण तक पहुँचाई जाए।

उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्धता, स्वीकृतियों, आधारभूत सुविधाओं, कनेक्टिविटी तथा विभागीय प्रतिबद्धताओं से जुड़े सभी बिंदुओं की अद्यतन रिपोर्ट अविलंब प्रस्तुत की जाए। उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि निवेशकों की प्रक्रियाएँ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हों, ताकि जनपद की परियोजनाएँ जीबीसी 5.0 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

बैठक में यह भी बताया गया कि विनिर्माण, वस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, व्यापार और सेवा क्षेत्र से संबंधित कई बड़े प्रस्तावों पर तीव्र गति से कार्य हो रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि जीबीसी 5.0 के माध्यम से रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और निवेश वातावरण को मजबूत करने का बड़ा अवसर उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विभाग में शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और सभी को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित माइलस्टोन के अनुरूप तैयारी सुनिश्चित करनी होगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जनपद उद्योग अधिकारी, निवेश प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *