*दिव्यांगजन के लिए लगा विशेष कैम्प, 41 यूडीआईडी कार्ड मौके पर बने*

 

कानपुर नगर।

 

सदर तहसील के मर्चेंट चैंबर सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर दिव्यांगजन के लिए विशेष कैम्प संचालित किया गया। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के अनुसार कैम्प में चिकित्सा, पूर्ति, राजस्व तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही और समस्त कार्यवाही को मौके पर ही निस्तारित किया गया।

 

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय कुमार उत्तम ने बताता कि कैम्प में कुल 61 दिव्यांगजन पहुंचे, जिनके ऑनलाइन आवेदन दिव्यांग प्रमाण पत्र/यूडीआईडी हेतु पंजीकृत कराए गए। चिकित्सा बोर्ड द्वारा किए गए परीक्षण के बाद 41 दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र/यूडीआईडी कार्ड वहीं स्थल पर जारी कर जिलाधिकारी द्वारा प्रदान किए गए। 19 मामलों को आगे की जांच के लिए रेफर किया गया, जबकि 1 प्रकरण निरस्त हुआ।

 

इसके अलावा कैम्प में 11 दिव्यांगजनों के आय प्रमाण पत्र तैयार कर वितरित किए गए। 3 दिव्यांगजन दिव्यांग पेंशन हेतु पंजीकृत हुए। 8 पात्र व्यक्तियों को सहायक उपकरण योजना तथा 2 दिव्यांगजन को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल योजना के लिए चिन्हांकित किया गया।

 

वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देते हुए 12 दिव्यांगजनों के एनपीसीआई-लिंक्ड इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के खाते खोलकर उन्हें एटीएम कार्ड उपलब्ध कराए गए।

 

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर भी उपस्थित रहे। कुल मिलाकर दिव्यांगजन कल्याण से संबंधित विभिन्न सेवाओं को एक ही स्थान पर सुलभ करते हुए यह कैम्प सम्पूर्ण समाधान दिवस का प्रभावी व संवेदनशील स्वरूप पेश करता दिखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *