*छात्रवृत्ति आवेदन लंबित पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम*
*दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए संस्थानों को 10 दिसंबर तक आवेदन करना है अग्रसारित*
कानपुर नगर।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं में बढ़ती लंबित प्रविष्टियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और निरीक्षण इकाइयों को सख्त चेतावनी जारी की है। डीएम ने साफ कहा है कि निर्धारित समयावधि में आवेदन निस्तारण न होने पर संबंधित संस्थान पर कार्रवाई तय है।
जिन अधिकारियों और संस्थानों को पत्र भेजा गया है, उनमें संयुक्त निदेशक आईटीआई, मण्डलीय उच्च शिक्षा अधिकारी, रामा विश्वविद्यालय, यूपीटीटीआई, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जनपद की सभी पूर्वदशम व दशमोत्तर शिक्षण संस्थाएँ शामिल हैं।
शासन की संशोधित समयसारिणी के अनुसार स्कूलों को 25 नवम्बर से 13 दिसम्बर तक आवेदन सत्यापन और अग्रसारण करना है, जबकि डीआईओएस को 15 से 20 दिसम्बर तक वास्तविक छात्र सत्यापन करना होगा। इसी तरह दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए संस्थानों को 10 दिसंबर तक आवेदन अग्रसारित करने का निर्देश है और विश्वविद्यालयों को 11 से 18 दिसंबर के बीच डेटा सत्यापन पूरा करना है।
डीएम ने कहा कि प्रतिदिन शत-प्रतिशत निस्तारण अनिवार्य है, क्योंकि लंबित प्रविष्टियाँ न केवल छात्रों को वंचित करती हैं, बल्कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग भी गिराती हैं। डीएम ने चेताया कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित शिक्षण संस्थान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई तत्काल प्रस्तावित कर दी जाएगी।
