कानपुर नगर
*वर्चुअल माध्यम से हुआ नवनिर्मित निबंधन भवन का लोकार्पण*
कानपुर नगर, दिनांक 17 दिसम्बर, 2025 | उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल ने आज वर्चुअल माध्यम से कानपुर नगर में नवनिर्मित निबंधन कार्यालय भवन, अभिलेखागार एवं प्रतीक्षालय का लोकार्पण किया। मंत्री जी का लखनऊ-कानपुर-वाराणसी भ्रमण कार्यक्रम था, लेकिन कुछ अपरिहार्य कारणों से वे कानपुर नहीं आ सके।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती नीलिमा कटियार ने स्थल पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि का स्थान ग्रहण किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कानपुर की जनता के लिए यह नया भवन एक बहुप्रतीक्षित उपलब्धि है। “कानपुर की जनता को इस नए अभिलेखागार भवन और प्रतीक्षालय के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। काफी लंबे समय से टैक्स पेयर जनता को इस जर्जर हो रहे भवन के जीर्णोद्धार की आवश्यकता थी,” उन्होंने कहा।
श्रीमती कटियार ने बताया कि इस भवन को व्यवस्थित और आधुनिक ढंग से बनाने में लगभग 70 लाख रुपये की लागत आई है। नए भवन से नागरिकों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर उन्होंने वहां उपस्थित सभी अधिवक्ताओं तथा सेवाओं का लाभ उठाने आने वाले सभी नागरिकों को बधाई दी। इस नए भवन के शुभारंभ से निबंधन एवं रजिस्ट्रेशन से संबंधित कार्यों में अब अधिक सुविधा और दक्षता आने की उम्मीद है।
