#कानपुर नगर
*कानपुर में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार*
कानपुर, 18 दिसंबर: कानपुर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर साइबर क्राइम थाना की टीम ने एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह खुद को पुलिस या क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर आम नागरिकों को अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाता था और जेल भेजने की धमकी देकर ऑनलाइन धन उगाही करता था।
गिरोह के सदस्य पीड़ितों को फोन कर उन्हें भयभीत करते और माफीनामा नामक फर्जी दस्तावेज व्हाट्सएप पर मंगवाते। इसके बाद यूपीआई या क्यूआर कोड के जरिए पैसे ऐंठते थे।
श्रावस्ती निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच में यह गिरोह पकड़ा गया। पुलिस ने चार मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। एक अभियुक्त का पहले से ही साइबर ठगी का इतिहास रहा है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि ऐसी किसी भी धमकी या फोन कॉल की सूचना तुरंत www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर या नजदीकी साइबर क्राइम सेल को दें।
