कानपुर

 

डबल पुलिया पर नगर निगम की कार्रवाई, अवैध कब्जे हटाए

 

 

कानपुर। नगर निगम के दस्ते ने डबल पुलिया अरमापुर बाउंड्री तक कैनाल नहर पर कब्जा जमाए बैठे अतिक्रमणकारियों के अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर हटाया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा लगाए गए टट्टर और झोपड़ियों को भी साफ किया गया।

 

बाबा बस्ती के पास नहर पर लोगों ने खाना बनाने के लिए जंगल से लाई गई लकड़ियों का ढेर लगा रखा था, जिस पर भी कार्रवाई हुई। यह नहर बड़ी नहर से निकालकर मोतीझील तक लाई गई है, जहां से शहर को पेयजल की आपूर्ति होती है। नहर के पानी में प्रदूषण बढ़ने के कारण कुछ वर्ष पहले इसमें पाइपलाइन डालकर इसे अंडरग्राउंड किया गया था, लेकिन लोगों ने इसकी ऊपरी सतह पर अवैध कब्जा कर लिया था।

 

डबल पुलिया से जेके मंदिर तक कैनाल नहर की दोनों पट्टियों पर विधायक सुरेंद्र मैथानी के प्रयासों से डबल रोड बनाई गई है, जिससे यातायात में सुविधा हुई है। अब डबल पुलिया से अरमापुर होते हुए कालपी रोड तक सड़क निर्माण पर काम चल रहा है। इस रोड के बनने से कालपी रोड पर यातायात दबाव कम होगा और कल्याणपुर व जीटी जाने वालों को नया जाम-मुक्त रास्ता मिलेगा।

 

*सुबह से ही बुलडोजर देख बस्ती वालों में खौफ*

 

सुबह पुलिस बल के साथ बुलडोजर के पहुंचते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नहर पट्टी पर बने कबाड़ी ठिकानों और खाने-पीने के होटल पर बुलडोजर चलाया गया। जब बुलडोजर बस्ती की ओर बढ़ा तो लोगों में अपने घर गिरने की दहशत फैली, लेकिन बाद में पता चला कि केवल खाली नहर पट्टी से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। इस पर लोगों की चिंता कुछ कम हुई।

 

दस्ते ने नहर क्षेत्र में अतिक्रमण के लिए इस्तेमाल किए गए कई पेड़ भी गिरा दिए। प्रवर्तन दस्ते ने लोगों को चेतावनी दी है कि भविष्य में नहर पट्टी पर दोबारा कब्जा न किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *