कानपुर; दिनांकः 23.12.2025

कानपुर मेट्रोः सीएसए परिसर स्थित निर्माणाधीन डिपो में कॉरिडोर-2 की दूसरी ट्रेन का आगमन

 

कॉरिडोर-2 डिपो का निर्माण कार्य तीव्र; 2026 के मध्य तक होगा तैयार, ट्रेनों की टेस्टिंग होगी शुरू

 

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए – बर्रा-8) के लिए तैयार दूसरी ट्रेन की अनलोडिंग सीएसए परिसर स्थित निर्माणाधीन डिपो में सुरक्षित रूप से पूर्ण कर ली गई है। पहली ट्रेन के आगमन के एक माह के भीतर ही दूसरी ट्रेन डिपो पहुंच गई है। आगामी एक सप्ताह के भीतर तीसरी ट्रेन के भी पहुंचने की पूरी संभावना है।

 

लगभग 40 टन वजनी अत्याधुनिक कोचों को विशेष क्रेनों की सहायता से अत्यंत सावधानीपूर्वक ट्रैक पर उतारा गया। विदित हो कि कॉरिडोर-2 के लिए कुल 10 ट्रेनों की आपूर्ति प्रस्तावित है। कानपुर मेट्रो की प्रत्येक ट्रेन में 3 कोच होते हैं।

 

कॉरिडोर-2 डिपो में विभिन्न विभागों के कार्य तेजी से बढ़ रहे आगे

लगभग 15 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माणाधीन कॉरिडोर-2 डिपो को वर्ष 2026 के मध्य तक पूर्ण रूप से तैयार करने की योजना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से सभी कार्य समयबद्ध गति से आगे बढ़ रहे हैं।

 

कॉरिडोर-2 डिपो में कुल 15 ट्रैकों के निर्माण की योजना है। इन 15 लाइनों का वर्कशॉप, स्टेबलिंग, इंस्पेक्शन, शंटिंग, कोच अनलोडिंग, पिट व्हील और टेस्ट ट्रैक के रूप में प्रयोग किया जाना है। ट्रेनों एवं विद्युत उपकरणों को विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए डिपो में 33 केवी ऑक्ज़ीलरी कम ट्रैक्शन सब-स्टेशन (एएसएस-कम-टीएसएस) को पहले ही ऊर्जीकृत किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि पारंपरिक ओएचई प्रणाली के स्थान पर कानपुर मेट्रो की 750 वोल्ट डीसी आधारित ट्रेनें थर्ड-रेल प्रणाली पर संचालित होती हैं। इसके लिए डिपो में थर्ड-रेल इंस्टॉलेशन का कार्य ट्रैक निर्माण के समानांतर जारी है।

 

सिग्नलिंग एवं वर्कशॉप निर्माण कार्य

डिपो के अंदर लगभग 550 मीटर लंबे टेस्ट ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। यहां मेनलाइन के समान सॉफ्टवेयर और सिग्नलिंग सेट-अप लागू किया जाएगा। इन कार्यों के 2026 के आरंभिक महीनों में पूर्ण होने के बाद ट्रेनों की टेस्टिंग शुरू कर दी जाएगी।

 

सिग्नलिंग प्रणाली के अंतर्गत डिपो में कुल 27 पॉइंट मशीनें स्थापित की जानी हैं, जिनका कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, 31 सिग्नल और 55 एक्सल काउंटर लगाने का कार्य भी आरंभ हो चुका है। ट्रेन रेडियो एक्सेस एंटीना की मार्किंग एवं फाउंडेशन का कार्य तथा सिग्नल इक्विपमेंट रूम का निर्माण भी जारी है।

 

ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए डिपो में अत्याधुनिक वर्कशॉप का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें एचवीएलएस फैन, टर्बो वेंटिलेटर तथा सोलर पैनल्स लगाए जाएंगे। 15 मीटर ऊंचे इस वर्कशॉप के लिए प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग स्ट्रक्चर का परिनिर्माण (इरेक्शन) किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *