कानपुर
कानपुर में बांग्लादेश सरकार का पुतला जलाकर विरोध, बजरंग दल ने हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर जताया आक्रोश
कानपुर, 24 दिसंबर। दीपू दास हत्या और बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आज यहां रामादेवी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद् (विहिप) तथा बजरंग दल के प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना ने बांग्लादेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह लगातार हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर अपनी नजर फेरकर बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश सरकार उत्पीड़न पर मौन साधकर आततायियों को हिंदुओं पर अत्याचार के लिए मौन स्वीकृति दे रही है।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के युवक दीपू दास की हत्या के बाद से देश के कई शहरों में बांग्लादेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का मानना है कि बांग्लादेश सरकार अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है।
